पोप लियो की नेपल्स और पोम्पेई यात्रा का कार्यक्रम
पोप लियो 14वें के 8 मई, 2026 को नेपल्स और पोम्पेई की एक दिवसीय यात्रा करेंगे, जिसका कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह वही दिन है जिसके ठीक एक साल पहले वे पोप चुन लिये गये थे। पोप लियो पोम्पेई में बरतोलो लोंगो प्राँगण में ख्रीस्तयाग की अध्यक्षता करेंगे, दोपहर को पोम्पेई की कुँवारी मरियम के पारंपरिक प्रार्थना में हिस्सा लेंगे, और नेपल्स में संत जेनारो के पवित्र अवशेष को श्रद्धांजलि देंगे।
वाटिकन ने पोप लियो 14वें के पोम्पेई और नेपल्स के प्रेरितिक दौरे के कार्यक्रम को शुक्रवार को जारी किया, जो 8 मई, 2026 को, पोप लियो 14वें के पोप चुनाव की पहली सालगिरह है।
कार्यक्रम के अनुसार, पोप लियो सुबह 8:50 बजे पोम्पेई की रोजरी की कुँवारी मरियम तीर्थस्थल पहुँचेंगे, जहाँ कलीसिया के प्रतिनिधि और नागर अधिकारी उनका स्वागत करेंगे।
इसके थोड़ी देर बाद, सुबह 8:55 बजे, वे लुइसा ट्रैपानी हॉल में “उदारता के मंदिर (टेंपल ऑफ चैरिटी)” के प्रतिनिधियों से मिलेंगे, एवं तीर्थस्थल के उदार कार्यों में हाथ बटानेवालों तथा इसके अलग-अलग केंद्रों से सेवा पाने वालों, दोनों से मिलेंगे।
सुबह 9:30 बजे, पोप खुली कार से शहर का दौरा करेंगे, और सुबह 9:45 बजे बरतोलो लोंगो प्राँगण पहुँचेंगे। इसके बाद कुछ देर वे पवित्र संस्कार की आराधना करेंगे और बीमारों, बुज़ुर्गों और दिव्यांग लोगों से मिलेंगे।
बरतोलो लोंगो प्राँगण में ख्रीस्तयाग और पोम्पेई की कुँवारी मरियम से प्रार्थना
सुबह 10 बजे, पोप लियो संत बरतोलो लोंगो को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, तीर्थस्थल के संस्थापक को समर्पित प्रार्थनालय जाएंगे और उनके पार्थिव शरीर के सामने प्रार्थना करेंगे। उसके बाद इस मौके पर एकत्रित धर्माध्यक्ष उनका स्वागत करेंगे, जबकि पोम्पेई के अध्यक्ष और तीर्थस्थल के पुरोहित मेल-मिलाप के चैपल में उनका स्वागत करेंगे।
सुबह 10:30 बजे, पोप लियो बलतोलो लोंगो प्राँगण में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम में हजारों भक्तों के हिस्सा लेने की उम्मीद है, प्राँगण और आस-पास की सड़कों पर, देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं।
दोपहर में, पोम्पेई की पवित्र रोजरी की कुँवारी मरियम से पारंपरिक प्रार्थना होगी।
इसके बाद दोपहर 3 बजे हेलीकॉप्टर से नेपल्स के लिए रवाना होने से पहले पोप दोपहर का भोजन करेंगे। वे दोपहर 3:15 बजे नेपल्स पहुँचेंगे। जहाँ महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल दोमेनिको बटालिया और वहाँ के सिविल अधिकारी उनका स्वागत करेंगे।
नेपल्स का कार्यक्रम संत जेनवारियुस पर केंद्रित
नेपल्स में, पोप लियो 14वें महागिरजाघर में महाधर्मप्रांत के पुरोहितों और धर्मसंघियों से मिलेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, बच्चों का एक बड़ा दल उनके स्वागत के लिए महागिरजाघर के सामने इकट्ठा होगा।
अंदर जाने के बाद, पोप सबसे पहले पवित्र संस्कार की आराधना के लिए संत जेनवारियुस (संत गेनारो) के प्रार्थनालय में अकेले जाएंगे। इसके बाद वे ऊंची वेदी तक जाएंगे, जहां संत जेनवारियुस के खून की शीशियों वाली मूर्ति और पवित्र अवशेष का दर्शन करेंगे।
पोप वहाँ एक प्रार्थना करेंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित करेंगे।
इसके बाद, पोप महागिरजाघर से निकलकर नेपल्स के केंद्रीय चौक, पियात्सा डेल प्लेबिशितो जाएंगे, जहां शाम 5:15 बजे विश्वासियों से उनकी मुलाकात होगी।
इसके बाद, शाम 5:20 बजे, वे सिविल और धार्मिक अधिकारियों के साथ मिनिम्स समुदाय से भेंट करने के लिए सन फ्रांचेस्को दी पाओला महागिरजाघर जाएंगे।
पियात्सा देल प्लेबिशिटो में नेपल्स शहर को संबोधन
दिन का अंतिम बड़ा कार्यक्रम शाम 5:30 बजे शुरू होगा, जब पोप लियो 14वें पियात्सा देल प्लेबिशितो में नेपल्स के लोगों से मिलेंगे और शहर को संबोधित करेंगे।
सभा के अंत में, कुँवारी मरियम को समर्पण किया जाएगा। इसे इसके प्रतिष्ठापन की दो सौवीं सालगिरह के मौके पर प्राँगण में लाया जाएगा, और फिर पोप लियो अपना प्रेरितिक आशीर्वाद देंगे।
इसके बाद पोप लियो 14वें पियात्सा देल प्लेबिसितो से निकलकर रोतोंदो दियाज जाएंगे, जहां से वे शाम 6:45 बजे हेलीकॉप्टर से वाटिकन लौटेंगे।