पोप लियो सब मृत विश्वासियों के लिए पवित्र मिस्सा वेरानो कब्रस्थान में अर्पित करेंगे
पोप लियो 14वें के धर्मविधिक कार्यक्रमों की सूची जारी करते हुए, धर्मविधिक समारोहों के कार्यालय ने बतलाया कि आनेवाले हफ्तों में वे सभी मृत विश्वासियों के लिए और संत पेत्रुस महागिरजाघर के समर्पण पर्व के अवसर पर ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।
पोप लियो 14वें, रोम के कम्पो वेरानो कब्रिस्तान में सभी मृत विश्वासियों की याद में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे, जैसा उन्होंने 2025 में किया था।
पिछले साल के समारोह के दौरान, संत पापा ने याद किया था कि “ख्रीस्तीय विश्वास, जो ख्रीस्त के पास्का रहस्य पर आधारित है, हमें अपनी यादों को सिर्फ अतीत की याद के रूप में नहीं, बल्कि सबसे बढ़कर, भविष्य के लिए उम्मीद के रूप में भी अनुभव करने में मदद करता है।”
27 अक्टूबर को जारी कार्यक्रम में बतलाया गया है कि 2 नवंबर को होनेवाला ख्रीस्तयाग अगले दो महिनों : नवंबर और दिसंबर में पोप के कार्यक्रमों की पहली घटना होगी।
बृहस्पतिवार, 5 नवंबर को, वे पिछले साल दिवंगत हुए कार्डिनलों और धर्माध्यक्षों के लिए संत पेत्रुस महागिरजाघर में पवित्र मिस्सा अर्पित करेंगे।
शुक्रवार, 6 नवंबर से मंगलवार, 17 नवंबर तक, पोप दक्षिण अमेरिका की प्रेरितिक यात्रा करेंगे, जिसमें वे उरुग्वे, अर्जेंटीना और पेरू का दौरा करेंगे।
पोप की प्रेरितिक यात्रा का पूरा कार्यक्रम, वाटिकन वेबसाइट में मिलेगा।
वाटिकन लौटने के एक दिन बाद, पोप लियो बुधवार, 18 नवंबर को संत पेत्रुस महागिरजाघर में, इसके समर्पण पर्व के अवसर पर ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे। इस साल, 2026 में, महागिरजाघर के समर्पण की 400वीं सालगिरह है।
अंत में, 8 दिसंबर को, धन्य कुँवारी मरियम के निष्कलंक गर्भधारण के पर्व पर, पोप लियो रोम के पियात्सा दी स्पानिया जाएंगे, जहाँ वे निष्कलंक मरिया की भक्ति में श्रद्धालुओं का नेतृत्व करेंगे।
