पोप ने हैती के बंधकों की रिहाई और बाढ़ पीड़ित नेपाल की मदद की अपील की
रविवार को कस्तेल गंदोल्फो से देवदूत प्रार्थना का पाठ करने के बाद, पोप लियो 14वें ने हैती में हाल ही में हुए नरसंहार की निंदा की, बंधकों को तुरंत रिहा करने की अपील की, और नेपाल में आई भयानक बाढ़ एवं मिट्टी धंसने के बाद ठोस मदद की अपनी अपील दोहराई, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए हैं और हजारों लोग लापता हैं।
देवदूत प्रार्थना के उपरांत पोप ने विभिन्न घटनाओं की याद की। सबसे पहले उन्होंने हैती में नरसंहार की घटना पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “प्यारे भाइयो एवं बहनो, हैती से, केंसकॉफ में हुए भयानक नरसंहार की दुखद खबर आई है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है और कुछ लोगों का अपहरण कर लिया गया है। मैं पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और सभी बंधकों को तुरंत रिहा करने का आग्रह करता हूँ। मैं सभी ज़िम्मेदार लोगों से दिल से अपील करता हूँ कि वे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और हर तरह की हिंसा को खत्म करने के लिए पूरी कोशिश करें।”
नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना
उसके बाद नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, “मैं नेपाल और तिब्बत में भयानक बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिलाता हूँ। आइए, हम उन लोगों के लिए प्रार्थना करें जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, जो घायल और लापता हैं, उनके परिवारों और राहत कार्य में लगे लोगों के लिए भी प्रार्थना करें कि प्रभु सभी की चिंता और दुःख कम करें और लोगों को जरूरी मदद मिल सके।”
पोप ने विश्व में शांति के लिए प्रार्थना जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आइए हम शांति के लिए प्रार्थना करते रहें।” फिर संत अगुस्टीन की बातों को याद करते हुए उन्होंने कहा, "शांति […] उस चमत्कारी रोटी की तरह है जो शिष्यों के हाथों में उपजी, जब उन्होंने उसे तोड़ा और बांटा" (प्रवचन 357, 2)। पोप ने कहा, “दुनिया भर में उन लोगों की संख्या बढ़े जो हिम्मत से शांति की रोटी तोड़ते और बांटते हैं, फूट को दूर करते हैं, न्याय को बढ़ावा देते हैं, क्षमाशीलता का अभ्यास करते हैं, और सबकी भलाई के लिए ऐसा करते हैं।”
सृष्टि की देखभाल के लिए प्रार्थना का विश्व दिवस
उसके बाद पोप ने याद दिलाया कि मंगलवार को, हम सृष्टि की देखभाल के लिए प्रार्थना का विश्व दिवस मनाते हैं। यह सृष्टि के मौसम की शुरुआत है—जिसे अलग-अलग ख्रीस्तीय कलीसियाएँ मनाती हैं—जिसकी इस साल की विषयवस्तु है "जीवन जल" । जैसा कि मैंने इस दिन के संदेश में याद किया, हमारे आमघर की देखभाल के लिए दिल बदलने की जरूरत है, ताकि जो चीजें तबाही लाने के लिए इस्तेमाल की गई हैं, उन्हें जीवन की ओर मोड़ा जा सके। मैं सभी को प्रार्थना और काम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूँ, ताकि हम ईश्वर की शांति के जीवित जल के रास्ते बन सकें, और अपनी घायल दुनिया को तरोताजा कर सकें।
अंत में, पोप ने कास्तेल गंदोल्फो के विश्वासियों और विभिन्न देशों से आए तीर्थयात्रियों का अभिवादन किया!
उन्होंने पुलिस और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने कस्तेल गंदोल्फो में पोप के ग्रीष्म अवकाश के दौरान उनकी मदद की। पोप ने कहा, “आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद!”
