कार्डिनल सेरजो सेबास्तियानी का निधन

वाटिकन में आर्थिक मामले विभाग के सेवानिवृत अध्यक्ष कार्डिनल सेरजो सेबास्तियानी का निधन मंगलवार को रोम में हुआ। वे 92 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार 17 जनवरी को दोपहर 2.30 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर में सम्पन्न होगा।

कार्डिनल सेरजो सेबास्तियानी का जन्म 11 अप्रैल 1931 को इटली के मोंतेमोनाको में हुआ था। उनका पुरोहिताभिषेक 15 जुलाई 1956 को हुआ था। अपनी पढ़ाई के अंत में उन्होंने वाटिकन के कूटनीति विभाग में अपनी सेवा शुरू की। 1960 में उन्हें पेरू के प्रेरितिक राजदूत का सचिव नियुक्त किया गया, 1962 में उन्हें ब्राज़ील के परमधर्मपीठीय प्रतिनिधित्व में स्थानांतरित कर दिया गया और 1966 में, वे चिली के राजदूतावास के ऑडिटर नियुक्त हुए।

1967 में राज्य सचिवालय के प्रतिनिधि मोनसिग्नोर जोवन्नी बेनेली ने उन्हें राज्य सचिवालय में, कार्डिनल चिकोन्यानी और विलोट के पहले सचिव के रूप में सेवा करने के लिए रोम बुलाया। 1974 वे पेरिस के प्रेरितिक राजदूतावास के सलाहकार नियुक्त हुए। 30 अक्टूबर 1976 को उन्होंने धर्माध्यक्षीय अभिषेक प्राप्त किया।

8 जनवरी 1985 संत पापा जॉन पौल द्वितीय ने उन्हें तुर्की और अंकारा का प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया। 16 नवम्बर 1994 को संत पापा ने उन्हें प्रेसीडेंसी काउंसिल के पहले महासचिव और वर्ष 2000 की महान जयंती के लिए केंद्रीय समिति की भूमिका सौंपने के लिए रोम बुलाया। 3 नवंबर 1997 को, संत पापा जॉन पॉल द्वितीय ने उन्हें परमधर्मपीठ के आर्थिक मामलों का अध्यक्ष नियुक्त किया, इस पद पर वे 12 अप्रैल 2008 तक रहे। कार्डिनल सेरजो सेबास्तियानी 2005 में संत पापा बेनेडिक्ट 16वें के चुनाव के दौरान कॉन्क्लेव में भाग लिया।