पोप : युद्ध के पागलपन के बीच, हमें हर स्तर पर जीवन की रक्षा करनी चाहिए
पोलैंड में जीवन की पवित्रता दिवस के अवसर पर, जो आज, 25 मार्च को, हमारे प्रभु के शरीर धारण का संदेश समारोह के साथ मेल खाता है, पोप लियो इस बात पर ज़ोर देते हैं कि युद्ध के पागलपन से भरे समय में, जीवन को गर्भ धारण से लेकर उसके स्वाभाविक अंत तक बचाना चाहिए।
“युद्ध के पागलपन वाले समय में, गर्भ धारण करने से लेकर उसके स्वाभाविक अंत तक जीवन की रक्षा करना ज़रूरी है।” उक्त बात पोप लियो 14वें ने आज सुबह संत पेत्रुस महागिरजाघऱ के प्रांगण में अपने बुधवारीय आम दर्शन समारोह के दौरान कही, जब उन्होंने पोलिश बोलने वाले विश्वासियों से बात करते हुए जीवन की पवित्रता के दिन को याद किया।
पोलैंड में, जीवन की पवित्रता का दिन हर साल 25 मार्च को मनाया जाता है। इसे 2004 में कलीसिया के प्रभु के शरीर धारण का संदेश समारोह के दिन शुरू किया गया था।
शांति बनाने के लिए काम करना
फ्रेंच बोलने वाले विश्वासियों को संबोधित करते हुए, रोम के धर्माध्यक्ष ने लोगों के बीच मेलजोल बढ़ाने के लिए काम करने का अपना निमंत्रण दोहराया और उन लोगों के काम में मदद के लिए प्रार्थना करने को कहा जिन्हें ईश्वर के लोगों का मार्गदर्शन करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
“आइए, हम कलीसिया के धर्माध्यक्षों के लिए प्रार्थना करें, कि वे मिलकर और एकसाथ काम करते हुए, जोश के साथ सुसमाचार का प्रचार करें और विश्वासियों को कलीसिया बनाने और शांति की दुनिया बनाने में सक्रिय रूप से शामिल होने में मदद करें।”
मसीह के साहसी गवाह बनें
फिर, अरबी बोलने वाले दर्शकों और पवित्र भूमि से आए लोगों से बात करते हुए, संत पापा ने सभी विश्वासियों को मसीह के सुसमाचार का प्रचार करने और उनके प्यार के गवाह बनने के लिए हिम्मत दी।
“हर ख्रीस्तीय एक प्यार करने वाला शिष्य और दुनिया भर में सुसमाचार का प्रचार करने वाला साहसी संदेशवाहक बनने के लिए बुलाया गया है।”
कुंवारी मरिया के उदाहरण पर चलना
और अंत में पोप लियो 14वें ने याद किया कि आज कलीसिया प्रभु के शरीर धारण का संदेश का त्योहार मना रही है। "यह सभी के लिए अति पवित्र कुंवारी माता मरियम के उदाहरण पर चलने का आमंत्रण बने, ताकि हमेशा ईश्वर की इच्छा पूरी करने के लिए तैयार रहें।"