आप्रवासी एवं शरणार्थी दिवस पर पोप लियो का सन्देश
पोप लियो 14 वें ने आप्रवासियों एवं शरणार्थियों को समर्पित 112 वें दिवस के उपलक्ष्य में एक सन्देश प्रकाशित कर प्रवसन और पलायन के अनुभव में सीधे शामिल नाबालिगों की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।
कलीसिया द्वारा घोषित आप्रवासियों एवं शरणार्थियों को समर्पित 112 वाँ दिवस इस वर्ष 27 सितम्बर को मनाया जा रहा है।
विस्थापित नाबालिग: एक जटिल वास्तविकता
सन्देश में पोप लिखते हैं कि आप्रवास के वैश्विक आंदोलनों के भीतर नाबालिग सबसे कमजोर समूह हैं। वे ठोस चेहरे हैं, जिनके पास अनूठी कहानियां हैं, और जो हमारे अन्तःकरण को पुकारते हैं। प्रति वर्ष, लाखों बच्चे और किशोर युद्ध, गरीबी, हिंसा, पर्यावरणीय आपदाओं और अन्य त्रासदियों के कारण अपनी मातृभूमि छोड़ने के लिए मजबूर होते हैं। दुर्भाग्यवश, उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस आपदा के आर्थिक, राजनीतिक और सैन्य परिणाम बहुत अधिक हैं। आप्रवासी बच्चों की पीड़ा उनके पुनर्वास से समाप्त नहीं होती है। ऐसे बहुत से बच्चे हैं जिन्होंने माता-पिता, भाइयों, बहनों और दोस्तों को खो दिया है, और जिन्होंने हिंसा के अकथनीय कृत्यों को देखा है।
परिवार से अलग
पोप स्मरण दिलाते हैं कि ऐसे कई बच्चे हैं जो अपने माता पिता के साथ यात्रा करते हुए भी चरम और दर्दनाक परिस्थितियों के संपर्क में आते हैं। वे लंबे समय तक अपने परिवारों से अलग रहते हैं तथा अलगाव की पीड़ा को सहन करते हुए उनके साथ फिर से जुड़ने की कोशिश करते हैं। उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय एवं सरकारों का आह्वान किया कि वे इन नाबालिगों की दुखद स्थिति को नहीं भुलायें।
सन् 2017 में आप्रवासियों एवं शरणार्थियों को समर्पित दिवस पर प्रकाशित स्वर्गीय पोप फ्राँसिस के सन्देश का उल्लेख कर सन्त पापा लियो ने लिखाः प्रवासी बच्चे "तीन तरह से रक्षाहीन हैं, वे बच्चे हैं, विदेशी हैं, और उनके पास खुद को बचाने का कोई साधन नहीं है। मैं सभी से उन लोगों की मदद करने के लिए कहता हूं, जो विभिन्न कारणों से अपनी मातृभूमि से दूर रहने के लिए मजबूर हैं और अपने परिवारों से अलग हो गए हैं।"
एकजुटता की कमी नहीं
पोप लियो आगे लिखते हैः "इतने अंधेरे के बीच, एकजुटता के प्रकाश की कमी नहीं है। व्यक्ति, परिवार, नागर संस्थान और कलीसियाई समुदाय दूसरी तरफ से नहीं गुजरना चुनते, बल्कि निःसहायों की सहायता को आगे आते हैं। हम उन परिवारों की ओर अपने विचार अभिमुख करें जो इन बच्चों को परिवार के चूल्हे की गर्मी बहाल करने के लिए अपने घरों के दरवाजे खोलते हैं; शिक्षक जो स्वागत केंद्रों में सेवा करते हैं; स्वयंसेवक और राहत कर्मी जो प्रतिदिन प्रवसन मार्गों और हमारे शहरों में इन बच्चों के अदृश्य घावों को ठीक करने के लिए खुद को समर्पित करते हैं। वे इस प्रतिबद्धता की गवाही देते हैं कि प्रेम उदासीनता पर विजय प्राप्त कर सकता है।
येसु के वचन
पोप लियो कहते हैं कि इस दुखद वास्तविकता के समक्ष हमारे विचार सन्त मत्ती रचित सुसमाचार में निहित येसु के वचनों के प्रति अभिमुख होकर हमारे विवेक को चुनौती देते हैं। येसु कहते हैः "जो कोई मेरे नाम से ऐसे एक बच्चे को ग्रहण करता है, वह मुझे ग्रहण करता है।" पोप लिखते हैं कि यह संख्या या आंकड़ों का प्रश्न नहीं है। सुसमाचार हमें गणना न करने के लिए आमंत्रित करता है। सुसमाचार याद दिलाता है कि हर बच्चे और हर इंसान की एक असीम गरिमा है। प्रत्येक को ईश प्रतिरूप में सृजित किया गया है। प्रत्येक में प्रभु की उपस्थिति है। प्रत्येक आप्रवासी बच्चे से पहले, हमें मानवता और विश्वास का कार्य करने के लिए बुलाया जाता है, ताकि हम प्रभु का स्वागत करने में सक्षम बन सकें। उन्होंने स्मरण दिलाया कि यह पुकार सन्त रचित सुसमाचार में निहित प्रभु येसु के एक और कथन की पुष्टि करती है कि "मैं एक अजनबी था और तुमने मेरा स्वागत किया"।
सुरक्षा और स्वागत का आह्वान
पोप सन्देश में लिखते हैं कि दुर्भाग्यवश, आप्रवासी बच्चों को अधिक आसानी से नजरअंदाज कर दिया जाता है, क्योंकि उनके पास उनकी रक्षा और समर्थन करने में सक्षम वयस्कों की कमी होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मूल देशों में हस्तक्षेप करना आवश्यक है ताकि उन कारणों को दूर किया जा सके जो उन्हें भागने के लिए मजबूर करते हैं। पारगमन और गंतव्य के देशों में सुरक्षा और स्वागत की पेशकश करते हुए पोप लिखते हैं, विस्थापित बच्चों की पुकार आज परमेश्वर की ओर उठती है, जैसा कि निर्गमन ग्रन्थ में लिखा है: "मैंने मिस्र में रहने वाली अपनी प्रजा की दयनीय दशा देखी है और अत्याचारियों से मुक्ति के लिये उनका विलाप सुना है। मैं उनके कष्टों को जानता हूं, और मैं उन्हें छुड़ाने के लिये नीचे आया हूं" (निर्ग 3:7-8)।
उदासीन न रहें
पोप ने लिखा कि ईश्वर इन आप्रवासी, शरणार्थी और विस्थापित बच्चों की पुकार सुनते हैं तथा हममें से प्रत्येक के विवेक और अन्तःकरण से अपील करते हैं कि हम इनके प्रति उदासीन न रहें और न ही इनके दुखों के आदी बनें बल्कि अपनी क्षमता के अनुसार इनकी सहायता को आगे आयें। पोप ने सभी को आमंत्रित किया कि वे आप्रवासियों और शरणार्थियों और, विशेष रूप से, उनके बच्चों को लिये नये शैक्षिक एवं आध्यात्मिक मार्ग खोज़ें तथा मानव प्रतिष्ठा के अनुकूल उन्हें पुनर्वास का पूरा मौका प्रदान करें।
