पोप लियो मध्यपूर्व के पीड़ितों के लिए शोकित, शांति के लिए प्रार्थना करते हैं
पोप लियो 14वें ने मध्यपूर्व में बम के शिकार लोगों के लिए गहरा दुःख व्यक्त किया है, विशेषकर, बच्चों और लेबनान में मारे गये मरोनाईट फादर पीयेर एल राही के लिए।
वाटिकन प्रेस कार्यालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि पोप लियो 14वें मध्यपूर्व में दुश्मनी खत्म होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
पोप ने उन बेगुनाह लोगों के लिए दुःख जताया जो मौत के शिकार हो गये, जिनमें बच्चे और उनकी देखभाल करनेवाले फादर पियरे एल-राही शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, “पोप लियो 14वें मध्यपूर्व में इन दिनों हुए बम धमाकों के सभी पीड़ितों, बेगुनाह लोगों, जिनमें से कई बच्चे भी हैं, और उनकी मदद करनेवालों, जैसे कि मारोनाइट पुरोहित फादर पियरे एल-राही, जिनकी सोमवार दोपहर कलाया में हत्या कर दी गई, के लिए गहरा दुःख जताते हैं।” “वे जो हो रहा है उसपर चिंता से नजर रख रहे हैं और प्रार्थना करते हैं कि हर दुश्मनी जल्द से जल्द खत्म हो जाए।”
लेबनानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मरोनाईट रीति के काथलिक फादर एल राही की हत्या सोमवार को लेबनान के क्लाया में हुई, जब वे उन पल्लीवासियों की मदद करने की कोशिश कर रहे थे जिनके घर पर एक इस्राएली टैंक ने गोलीबारी की थी।
फादर एल-राही कई युवाओं के साथ अपनी पल्ली के पहाड़ी इलाके में उसी घर की ओर दौड़े, तभी टैंक ने घर पर फिर से हमला किया, जिससे फादर एल-राही घायल हो गए।
उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनके जख्मों के कारण उनकी मौत हो गई।
वाटिकन न्यूज से बात करते हुए, टायर और डेइरमिमास में लैटिन-रीति के पल्ली के फादर तौफिक बू मेरही ने कहा कि 50 साल के फादर एल-राही अपनी पल्ली के ख्रीस्तीयों के लिए एक सच्चे चरवाहे थे।
इस्राएल की ओर से क्षेत्र खाली करने के आदेशों के बावजूद फादर एल राही अपने पल्लीवासियों की सेवा के लिए रूके हुए थे।
फादर मेरही ने कहा कि पल्ली फादर एल-राही की मौत के लिए शोक मना रही है और अब बहुत डरी हुई है, क्योंकि दूसरे फादर के घर पर सीधे हमला हुआ था।
फादर मेरही ने कहा, “अब तक, लोग ख्रीस्तीय गांवों में अपने घर छोड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन इस स्थिति में, सब कुछ बदल गया है।” “घर छोड़ने का मतलब है सड़कों पर रहना या दूसरी जगह किराए पर लेने की कोशिश करना, लेकिन लोग इसका खर्च नहीं उठा सकते, खासकर, देश की पहले से ही खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए।”
फादर मेरही के अनुसार, पवित्र भूमि के संरक्षक अभी टायर में अपने मठ में 200 बेघर लोगों, सभी मुसलमानों को रख रहे हैं, और बताया कि 300,000 से ज्यादा लोग सुरक्षा की तलाश में दक्षिणी लेबनान छोड़ चुके हैं।
फादर मेरही ने कहा, “हम कहते और दोहराते हैं कि अंतिम चीज जो हमारे अंदर नहीं मरनी चाहिए, वह है प्रभु पर भरोसा, जो हमें हमेशा आगे बढ़ने की शक्ति देता है।”
पोप कहते हैं, “लड़ाई बहुत हो गई; बहुत हो गई हिंसा। हथियार, जैसा कि पोप ने कहा, शांति नहीं लाते; वे मार-काट और नफरत पैदा करते हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि थोड़ी इज्जत से जिएँ।”