पोप लियो : हम टेक्सास बाढ़ के पीड़ितों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं

रविवार को देवदूत प्रार्थना का पाठ करने के बाद, पोप लियो 14वें उन सभी लोगों के प्रति "हार्दिक संवेदना" व्यक्त किया जिन्होंने टेक्सास में विनाशकारी बाढ़ में अपने प्रियजनों को खो दिया है।
रविवार को देवदूत प्रार्थना का पाठ करने के बाद, अंग्रेजी में बोलते हुए, पोप लियो ने "उन सभी परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने टेक्सास में ग्वाडालूपे नदी में आई बाढ़ के कारण हुई आपदा में अपने प्रियजनों को खो दिया है - विशेष रूप से अपनी बेटियों को, जो समर कैंप में थीं। हम उनके लिए प्रार्थना करते हैं।"
शुक्रवार की सुबह भोर से ठीक पहले 45 मिनट में पानी लगभग आठ मीटर (26 फीट) बढ़ गया, जिसने अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को बहा दिया। इस त्रासदी में कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई है, और दर्जनों लोग लापता हैं, जिनमें 27 लड़कियां शामिल हैं, जो सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र केर काउंटी में एक ख्रीस्तीय समर कैंप में भाग ले रही थीं। लगातार हो रही बारिश के बावजूद खोज और बचाव कार्य जारी रहे, और आगे भी बाढ़ आने का खतरा है।
शुक्रवार की सुबह एक बयान में, संत अंतोनियो महाधर्मप्रांत ने "ऐतिहासिक" बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध किया, खासकर उन लोगों के लिए जो मारे गए और जो अभी भी लापता हैं। पीड़ितों की सहायता करने वाले कई व्यक्तियों और संगठनों को ध्यान में रखते हुए, महाधर्मप्रांत के बयान में कहा गया, "यह हमारी प्रार्थना है कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को पुनर्निर्माण की शक्ति मिले। हम इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लोगों के साथ रहने का संकल्प लेते हैं। आइए, हम एक-दूसरे से प्यार करने के लिए मसीह के आह्वान का जवाब दें।"
हिंसा की जगह संवाद स्थापित करें
पोप लियो ने देवदूत प्रार्थना के अवसर का उपयोग एक बार फिर से दुनिया भर में शांति की अपील करने के लिए किया। संत पापा ने कहा, "प्रिय मित्रों, शांति सभी लोगों की इच्छा है और यह युद्ध से प्रभावित लोगों की दर्दनाक पुकार है।"
पोप ने प्रार्थनाओं का आह्वान करते हुए कहा, "आइए हम प्रभु से प्रार्थना करें कि वे सरकार के नेताओं के दिलों को छू लें और उनके दिमाग को प्रेरित करें, ताकि वे हथियारों की हिंसा की जगह संवाद की खोज कर सकें।
छुट्टी के समय का आनंद लें
पोप ने रोम के विश्वासियों के साथ-साथ इटली और दुनिया भर के तीर्थयात्रियों को भी शुभकामनाएं दीं और प्रोत्साहन के शब्द कहे, "इस समय भीषण गर्मी में, पवित्र द्वारों को पार करने की आपकी यात्रा और भी अधिक साहसिक और सराहनीय है।"
अंत में, पोप लियो ने उल्लेख किया कि वे रविवार दोपहर को रोम के बाहर, कास्टेल गंडोल्फो के परमाध्यक्षीय निवास पर "कुछ दिनों के लिए आराम करने" जाएंगे, और अपनी आशा व्यक्त की कि सभी लोग छुट्टी के समय का आनंद लें "जो शरीर और आत्मा को तरोताजा कर देगा।"