पोप लियो ने मिनियापोलिस के काथलिक स्कूल में गोली चलाने पर दुःख व्यक्त किया

पोप लियो 14वें ने अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस स्थित देवदूत संदेश गिरजाघर में हुई गोलीबारी में जान-माल की हानि और घायलों के बारे में जानकर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
मिनियापोलिस के महाधर्माध्यक्ष बर्नार्ड हेब्डा को भेजे गए एक टेलीग्राम में, पोप ने "इस भयानक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों, खासकर, उन परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना और आध्यात्मिक निकटता का आश्वासन" दिया जो अब अपने बच्चे की मृत्यु पर शोक मना रहे हैं।
मृतकों, घायलों एवं सहायताकर्मियों के लिए प्रार्थना
राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन द्वारा हस्ताक्षरित इस तार संदेश में कहा गया है कि पोप "मृत बच्चों की आत्माओं को सर्वशक्तिमान ईश्वर के प्रेम में समर्पित करते हैं" और "घायलों के साथ-साथ उन सहायताकर्मियों, चिकित्साकर्मियों और पुरोहितों के लिए प्रार्थना करते हैं जो उनकी और उनके प्रियजनों की देखभाल कर रहे हैं।"
"प्रभु येसु में शांति, धैर्य और सांत्वना की प्रतिज्ञा" के रूप में, पोप लियो ने "देवदूत संदेश काथलिक स्कूल समुदाय, संत पौल और मिनियापोलिस महाधर्मप्रांत एवं ग्रेटर ट्विन सिटीज़ क्षेत्र के लोगों" को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।
गोली चलाने की घटना की जानकारी
अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के सबसे बड़े शहर मिनियापोलिस स्थित देवदूत संदेश काथलिक गिरजाघर में एकत्रित विश्वासियों पर एक व्यक्ति ने गोली चला दी।
यह हमला स्थानीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे स्कूल वापसी प्रार्थना के दौरान हुआ। इस परिसर में एक स्कूल भी है जहाँ नर्सरी से लेकर मिडिल स्कूल तक के बच्चे पढ़ते हैं।
गोलीबारी के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने बताया कि 8 और 10 साल के कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए, जिनमें से सात की हालत गंभीर बतायी जा रही है। माना जा रहा है कि हमलावर ने स्कूल परिसर के चैपल के अंदर बच्चों के प्रार्थना सभा में भाग लेने के दौरान खिड़कियों से गोलीबारी करने के बाद आत्महत्या कर ली।
हमला करने का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
सभी प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना
अमेरिकी काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष विलियम लोरी ने एक बयान जारी कर कहा, "एक कलीसिया के रूप में, हम मिनियापोलिस के देवदूत संदेश स्कूल से आई दुखद खबर को हृदय विदारक दुःख के साथ सुन रहे हैं। जब भी येसु के शरीर का कोई अंग घायल होता है, तो हमें ऐसा दर्द होता है मानो वह हमारे अपने बच्चे हों। आइए हम सभी प्रभु से पूरे देवदूत संदेश स्कूल परिवार की सुरक्षा और चंगाई के लिए प्रार्थना करें।"
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे अननंसिएशन काथलिक स्कूल में हुई गोलीबारी की जानकारी दी गई और जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिलेगी, मैं अपडेट देता रहूँगा। बीसीए और स्टेट पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर मौजूद है। मैं अपने उन बच्चों और शिक्षकों के लिए प्रार्थना कर रहा हूँ जिनके स्कूल का पहला हफ़्ता इस भयानक हिंसा की घटना से प्रभावित हुआ।"
ट्रुथ सोशल मीडिया पर बोलते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "मिनियापोलिस, मिनेसोटा में हुई दुखद गोलीबारी की मुझे पूरी जानकारी मिली है... एफबीआई ने तुरंत कार्रवाई की और वे घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। व्हाइट हाउस इस भयावह स्थिति पर नज़र बनाए रखेगा। कृपया मेरे साथ मिलकर इसमें शामिल सभी लोगों के लिए प्रार्थना करें!"
स्थानीय पुलिस विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मिनियापोलिस के देवदूत संदेश स्कूल में हुई गोलीबारी से पहले के 12 घंटों में, शहर में 12 अन्य गोलीबारी की घटनाएँ हुई थीं, जिनमें आठ लोग घायल हुए और तीन की मौत हो गई। विभाग ने टिप्पणी की, "हाल के घंटों में शहर में बंदूक हिंसा का स्तर बेहद परेशान करनेवाला है।"