कार्डिनल ने की स्कोलास ओकारेन्तेस की भेंट

वाटिकन स्थित संस्कृति एवं शिक्षा सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद के अध्यक्ष कार्डिनल होसे तोलेनतीनो दे मेन्दोन्सा ने बोयनस आयरस में अन्तरराष्ट्रीय संगठन स्कोलास ओकारेन्तेस के मुख्यालय की भेंट की।  

अन्तरराष्ट्रीय स्कोलास ओकारेन्तेस सन्त पापा फ्राँसिस द्वारा स्थापित एक अन्तरराष्ट्रीय शैक्षणिक अभियान है, जिसका मुख्यालय बोयनस आयरस का बार्रियो 31 है। इसकी स्थापना सन्त पापा फ्राँसिस ने उस समय की थी जब वे बोयनस आयरस के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल जॉर्ज बेरगोलियो थे।  

बुधवार को कार्डिनल मेन्दोन्सा ने इस मुख्यालय की भेंट कर यहाँ के सहसंस्थापक होसे मरिया देल कोराल तथा हेनरिक पालमियेरो से मुलाकात की। इन संस्थापकों ने 2001 के संकट और दरारों के बाद मुलाकात की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए, विभिन्न धर्मों और सार्वजनिक एवं  निजी दोनों सामाजिक वर्गों के स्कूलों के छात्रों और शिक्षकों को एक साथ लाना शुरू किया, जो आज एक अन्तरराष्ट्रीय संगठन बन चुका है तथा विश्व के कई देशों में शिक्षा के प्रसार का काम कर रहा है।

एक विशाल परिवार
 स्कोलास ओकारेन्तेस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्डिनल दे मेन्दोन्सा ने देश के विभिन्न हिस्सों में खेल सम्बन्धी तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं की गवाही भी सुनी, इनमें बेयनस आयरस के विला फियोरिटो और चाको प्रांत में एल इम्पेनेत्राब्ल के युवा शामिल थे।

कार्डिनल ने इस मुलाकात के लिए आभार व्यक्त करते हुए इस विशाल परिवार में अपनी उपस्थिति पर हर्ष व्यक्त  किया। उन्होंने कहा कि सह-अस्तित्व के इस माहौल का अनुभव करना तथा सदस्यों की आँखों में आशा को महसूस करना एक हज़ार शब्दों के बराबर है। उन्होंने कहा कि उन्हें सन्त पापा फ्रांसिस से प्राप्त जनादेश के अनुरूप, शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में मदद करना जारी रखने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है जिसमें स्कोलास ओकारेन्तेस महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

अब इंडोनेशिया में
विश्व के 70 देशों की प्रत्यक्ष भागीदारी को साथ स्कोलास ओकारेन्तेस संगठन विश्व के पाँचों महाद्वीपों पर मौजूद है। आगामी 04 सितंबर को सन्त पापा फ्रांसिस की प्रेरितिक यात्रा के दौरान इसकी एक शाखा का उदघाटन इंडोनेशिया में किया जायेगा। दक्षिण-पूर्व एशिया में यह स्कोलास ओकारेन्तेस की पहली शाखा होगी।