संघर्षों से प्रभावित देशों और मृतकों के लिए प्रार्थना करने हेतु पोप की अपील
संत पेत्रुस महागिरजाघऱ के प्रांगण में आम दर्शन के दौरान, पोप ने विश्वासियों से विश्व शांति के लिए, खासकर चार साल के गृहयुद्ध और गंभीर मानवीय संकट से जूझ रहे एशियाई देश म्यांमार के लिए और मृत विश्वासियों की चिर शांति के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया।
पोप लियो 14वें ने संत पेत्रुस महागिरजाघऱ के प्रांगण में बुधवारीय आमदर्शन समारोह के दौरान इताली भाषी विश्वासियों को अभिवादन कर सशस्त्र संघर्षों से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने हेतु आमंत्रित किया और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हार्दिक अपील की कि वे म्यांमार के लोगों की सहायता के लिए आगे आएं, जो गृहयुद्ध की हिंसा और अनेक मानवाधिकार उल्लंघनों से प्रभावित हैं, जिसके कारण गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है।
संघर्षों से प्रभावित म्यांमार के लिए प्रार्थना
पोप ने कहा, “मैं आपको दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सशस्त्र संघर्षों से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने के लिए आमंत्रित करता हूँ। मैं विशेष रूप से म्यांमार के बारे में सोचता हूँ, और मैं अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आग्रह करता हूँ कि वे बर्मी लोगों को न भूलें और आवश्यक मानवीय सहायता प्रदान करें।”
हिंसा के चार साल
फरवरी 2021 में, म्यांमार सेना ने सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया और आंग सान सू की की पार्टी, नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) की सरकार को उखाड़ फेंका, जिसने नवंबर 2020 में चुनाव जीते थे। राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) नामक सैन्य जुंटा ने तख्तापलट के विरोध में हुए विरोध प्रदर्शनों का बलपूर्वक जवाब दिया और इसका विरोध करने वाले कई जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ गृहयुद्ध छेड़ दिया। सैन्य संघर्ष के परिणामस्वरूप गंभीर और व्यापक मानवाधिकार हनन हुए, जैसे जबरन भर्ती, मनमानी हिरासत और न्यायेतर हत्याएँ।
मृत विश्वासियों के लिए प्रार्थना
पोप ने अंग्रेजी भाषी तीर्थयात्रियों और पोलिश भाषी तीर्थयात्रियों को मृत विश्वासियों के लिए प्रार्थना करने हेतु आमंत्रित किया।
अंग्रेजी भाषी तीर्थयात्रियों का अभिवादन कर पोप ने कहा, “मैं आज सुबह के दर्शन समारोह में भाग लेने वाले सभी अंग्रेजी भाषी तीर्थयात्रियों और आगंतुकों का हार्दिक स्वागत करता हूँ। नवंबर के महीने में, हम विशेष रूप से दिवंगत विश्वासियों की चिर शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। पुनर्जीवित प्रभु उन पर अपनी दया दिखाएँ, और पुनरुत्थान में हमारे विश्वास से उत्पन्न आशा हमारी आँखों और हृदय को स्वर्ग के आनंद की ओर लगाये रखे।”
पोलिश भाषी तीर्थयात्रियों का अभिवादन कर पोप ने कहा, “जैसे-जैसे हम मृत जनों के लिए प्रार्थना में लगे रहते हैं, खाली कब्र और बुराई व मृत्यु पर ईसा मसीह की विजय का ईस्टर संदेश हम तक और भी अधिक प्रबलता से पहुँचता है। यह उन लोगों को भी सांत्वना देता है जो अपनों के खोने का शोक मना रहे हैं। हमारी प्रार्थनाओं और हमारी ख्रीस्तीय प्रतिबद्धता के साथ, हम उनके लिए पुनर्जीवित ईश्वर का प्रकाश हैं, जो आशा प्रदान करते हैं। मैं आप सभी को आशीर्वाद देता हूँ!”