मानव बंधुत्व के लिए 2026 जायेद पुरस्कार के नामांकन खुले

मानव बंधुत्व की उच्च समिति ने मानव बंधुत्व के लिए 2026 जायद पुरस्कार हेतु नामांकन शुरू किया है, जो भाईचारा, सह-अस्तित्व और सहिष्णुता के लिए "उत्कृष्ट योगदान" को मान्यता देता है।
मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार फरवरी 2019 में पोप फ्राँसिस की अल-अजहर के ग्रैंड इमाम के साथ ऐतिहासिक बैठक और दोनों द्वारा मानव बंधुत्व पर संयुक्त दस्तावेज़ के प्रकाशन के बाद स्थापित किया गया था।
दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर संयुक्त अरब अमीरात में हुए और अब यह देश पुरस्कार को प्रायोजित करता है, जिसका नाम इसके संस्थापक शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान के सम्मान में रखा गया है।
पुरस्कार
जायद पुरस्कार का उद्देश्य उन व्यक्तियों और समूहों को मान्यता प्रदान करना है जिन्होंने "मानव बंधुत्व को आगे बढ़ाने, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने और सहिष्णुता और एकजुटता के मूल्यों की वकालत करने में उत्कृष्ट योगदान दिया है।"
पुरस्कार - जिसमें 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर का वित्तीय पुरस्कार शामिल है - किसी भी पृष्ठभूमि, धर्म या राष्ट्रीयता के व्यक्तियों और संगठनों को दिया जा सकता है।
पुरस्कार विजेताओं का चयन एक स्वतंत्र जूरी द्वारा किया जाता है, जिसके बाद उन्हें पहले किसी अकादमिक, सार्वजनिक व्यक्ति, आध्यात्मिक नेता, सरकार के सदस्य या किसी एनजीओ के प्रमुख द्वारा नामित किया जाता है।
योग्य नामांकनकर्ता मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार आधिकारिक वेबसाइट: https://zayedaward.org/ के माध्यम से नाम दर्ज करा सकते हैं। नामांकन 1 अक्टूबर, 2025 तक खुले हैं।
2025 के विजेता
जायद पुरस्कार 2025 वर्ल्ड सेंट्रल किचन एनजीओ, बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटली और 15 वर्षीय इथियोपियाई-अमेरिकी आविष्कारक हेमन बेकेले को दिया गया।
मिया मोटली को बारबाडोस के प्रधानमंत्री के रूप में जलवायु परिवर्तन पर उनके द्वारा की गई निर्णायक कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया, जबकि वर्ल्ड सेंट्रल किचन को 30 विभिन्न देशों में 300 मिलियन भोजन वितरित करने के लिए सम्मानित किया गया - जिसमें अक्टूबर 2023 में इस्राएल-हमास युद्ध के फैलने के बाद से गज़ा में फिलिस्तीनियों को 100 मिलियन भोजन वितरित करना भी शामिल है।
इस बीच, हेमन बेकेले को एक किफायती साबुन के आविष्कार के लिए सम्मानित किया गया, जिसे प्रारंभिक चरण के त्वचा कैंसर को रोकने और उसका इलाज करने के लिए बनाया किया गया है।
पुरस्कार समारोह में वाटिकन न्यूज़ से बात करते हुए, संयुक्त अरब अमीरात में वाटिकन के प्रेरितिक राजदूत, महाधर्माध्यक्ष क्रिस्टोफ एल-कासिस ने जायद पुरस्कार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पोप फ्राँसिस और ग्रैंड इमाम के बीच सहयोग “दूसरों के लिए एक मॉडल” है और यह याद दिलाता है कि “हम सभी एक परिवार हैं।”