पोप लियो 14वें ने पोप फ्राँसिस को उनकी मृत्यु के एक महीने बाद याद किया

अपने साप्ताहिक आम दर्शन समारोह को समाप्त करते हुए, पोप लियो 14वें ने दिवंगत पोप फ्राँसिस को उनकी मृत्यु के एक महीने बाद याद किया। कार्डिनल कोनराड क्रायेस्की ने दिवंगत पोप के निवास कासा सांता मार्था के चैपल में पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान किया।
"हम इस बैठक का समापन, हमारे प्रिय पोप फ्रांसिस को, जो ठीक एक महीने पहले स्वर्गीय पिता के घर लौटे, गहरी कृतज्ञता के साथ याद किए बिना नहीं कर सकते।" इन शब्दों के साथ, संत पापा लियो 14वें ने अपने पूर्ववर्ती दिवंगत पोप फ्राँसिस को याद किया, जिनका निधन ठीक एक महीना पहले, ईस्टर सोमवार, 21 अप्रैल 2025 को हुआ था।
पोप लियो 14वें की टिप्पणी 21 मई 2025 को वाटिकन में उनके पहले आम दर्शन के समापन पर आई।
दिवंगत पोप फ्राँसिस को याद करते हुए
दिवंगत पोप फ्राँसिस के निधन के ठीक एक महीने बाद, आज शाम को संत मरिया मेजर महागिरजाघऱ में एक विशेष मिस्सा समारोह होगा, जिसे दिवंगत पोप फ्राँसिस ने अपने विश्राम स्थल के रूप में चुना है।
इसके अलावा, आज कासा सांता मार्था में, जिसे पोप फ्राँसिस ने अपना निवास स्थान चुना था, पोप के दानदाता और उदार कार्यों के लिए गठित विभाग के प्रीफेक्ट कार्डिनल कोनराड क्रायेस्की, ने उनकी याद में एक पवित्र मिस्सा चढ़ाया।
पोप लियो 14वे परमाध्यक्ष चुने जाने के बाद शनिवार को रोम के दक्षिण में अगुस्टीनियनों द्वारा संचालित भली सलाह देने वाली माता मरियम तीर्थस्थल का दौरा करने के बाद, दिवंगत पोप की कब्र के सामने प्रार्थना करने के लिए संत मरिया मेजर महागिरजाघऱ से गुजरने का फैसला किया।
धर्मसंघियों, परिवारों और युवाओं को विश्वास को जीने हेतु प्रोत्साहित करना
साथ ही आम सभा के समापन पर, पोप ने इतालवी भाषी तीर्थयात्रियों, जिनमें पुरोहित भी शामिल थे, का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिनसे उन्होंने आग्रह किया कि "वे अपना जीवन येसु और उनके वचन को ठोस चट्टान पर बनाएँ, ताकि वे इसके साहसी उद्घोषक बन सकें।"
इसी तरह, पोप ने धर्मबहनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, "प्रिय बहनों, मैं अपनी प्रार्थनाओं में आपके साथ हूँ ताकि प्रभु आपकी प्रेरितिक प्रतिबद्धता को फलदायी बना सकें।"
इसके अलावा, उन्होंने पल्ली समूहों का गर्मजोशी से स्वागत किया, उन्हें "ईमानदारी से सुसमाचार का पालन करने, अपने परिवारों और हर दूसरे परिवेश में प्रामाणिक ईसाई बनने" के लिए प्रोत्साहित किया।
और अंत में उनके विचार युवाओं, बीमारों और नवविवाहितों के लिए थे। पोप ने कहा, "आप में से प्रत्येक को हमेशा खुशी के साथ ईश्वर की सेवा करने और सुसमाचार की भावना से अपने पड़ोसी से प्यार करने की शुभकामनाएं।"