पोप लियो 14वें ने कस्तेल गंदोल्फो में बोरगो लौदातो सी का दौरा किया

पोप लियो 14वें बृहस्पतिवार को कास्तेल गांदोल्फो गये, जहाँ उन्होंने बोरगो लौदातो सी का दौरा किया, जो पोप निवास क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसे पोप फ्राँसिस ने हमारे आमघर की देखभाल के बारे में जागरूकता बढ़ाने के स्थान के रूप में परिवर्तित किया है।

पोप लियो 14वें ने गुरुवार को कास्तेल गंडोल्फो में पोप निवास का आकस्मिक भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने अपने पूर्वाधिकारी पोप फ्राँसिस द्वारा शुरू की गई बोरगो लौदातो सी परियोजना का दौरा किया।

पेपल विला के मैदान में स्थित बोरगो लौदातो सी (“लौदातो सी गांव”), पृथ्वी को हमारा “आम घर” के रूप में विषय पर प्रशिक्षण और शिक्षा के लिए समर्पित स्थान है - जो उस विश्वपत्र के केंद्र में “अभिन्न पारिस्थितिकी” का एक उदाहरण है जिसके लिए इसका नाम रखा गया है।

वाटिकन प्रेस कार्यालय के अनुसार, पोप का स्वागत समग्र मानव विकास हेतु गठित विभाग के उप सचिव कार्डिनल फाबियो बाजो, और बोरगो लौदातो सी के परियोजना निदेशक फादर मैनुएल दोरेंतेस ने किया, जिसका जल्द ही उद्घाटन होनेवाला है।

कुँवारी मरियम को समर्पित बगीचे में रुकने के बाद, पोप लियो ने बेलवेदेरे वाटिका का दौरा किया, और फिर क्रिप्टोपोर्टिकस में रुके, जो रोमन सम्राट डोमिनियन के दर्शकों के हॉल का पुरातात्विक अवशेष है।

प्रेस कार्यालय के बयान अनुसार, पोप लियो 14वें ने "पोप पीयुस 12वें के साहसी कार्यों पर विचार किया, जिन्होंने 1944 में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कास्तेली रोमानी क्षेत्र पर बमबारी के बाद 12,000 से अधिक लोगों को शरण प्रदान की थी।" कास्तेल गंदोल्फो की यात्रा के दौरान, पोप ने प्रेरितिक पैलेस का भी दौरा किया, जिसे पोप फ्राँसिस ने 2016 में एक संग्रहालय में बदल दिया था, और वाटिकन लौटने से पहले ऐतिहासिक विला बारबेरिनी का भी दौरा किया।

बोरगो लौदातो सी
दस साल पहले लौदातो सी के प्रकाशन के साथ, पोप फ्राँसिस ने हमारे आमघर की देखभाल के महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रकाश डाला। कास्तेल गंदोल्फो में पोप निवास के आसपास के प्राकृतिक स्थान - जिसमें 20 हेक्टेयर खेत, ग्रीनहाउस और सेवा भवन शामिल हैं - को विश्वपत्र में घोषित सिद्धांतों को ठोस रूप देने के लिए सबसे अच्छी जगह माना गया।

यह सपना 2023 में साकार हुआ, जब संत पापा फ्राँसिस ने दो काइरोग्राफ के साथ बोरगो की स्थापना की, जिसका उद्देश्य उच्च शिक्षा के लिए लौदातो सी केंद्र के तत्वावधान में "पारिस्थितिक शिक्षा के विकास में" एक ठोस योगदान देना था, जिसकी स्थापना उसी समय की गई थी और जिसका कार्य पर्यावरण की देखभाल के बारे में जागरूकता बढ़ाना था।

वनस्पति विज्ञान, जीव विज्ञान, अभिन्न पारिस्थितिकी और संबंधित विषयों के विशेषज्ञों की सहायता से, बोरगो ने विश्वपत्र में अंतर्निहित मूल्यों को जानने के अवसर प्रदान करना शुरू किया और साथ ही, माली और हरित क्षेत्र रखरखाव श्रमिकों के लिए नौकरी की तैयारी के पाठ्यक्रम भी शुरू किए।

बोरगो लौदातो सी न केवल उद्यमियों और विशेषज्ञों, स्कूली बच्चों और विश्वविद्यालय के छात्रों का स्वागत करता है, बल्कि उन लोगों का भी स्वागत करता है जो हाशिए पर हैं, जिनके लिए संत पापा फ्राँसिस का विशेष स्नेह था, जिनमें प्रवासी, हिंसा की शिकार महिलाएँ, विकलांग लोग, पूर्व कैदी, नशीली दवाओं की लत से जूझ रहे लोग और कई अन्य लोग शामिल हैं जो अक्सर शैक्षिक अवसरों से वंचित रहते हैं।