कार्डिनलों ने 4थी आम सभा में, ‘चरवाहे के अंतिम संस्कार’ की तैयारी की

रोम में उपस्थित कार्डिनलों ने शुक्रवार की सुबह अपनी चौथा आम सभा में भाग लिया। परमधर्मपीठीय धार्मिक समारोहों के मास्टर ने बताया कि पोप फ्राँसिस का अंतिम संस्कार मिस्सा “एक चरवाहे का होगा, न कि एक संप्रभु का।”
वाटिकन प्रेस कार्यालय के निदेशक, मत्तेओ ब्रूनी ने शुक्रवार को वाटिकन के नये धर्मसभा हाल में आयोजित कार्डिनलों की चौथी आम सभा के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पोप की मृत्यु के बाद अंतराल अवधि के दौरान कलीसिया को नियंत्रित करने वाले निकाय की बैठक में 149 कार्डिनल मौजूद थे।
सुबह 9:10 बजे प्रार्थना के साथ सभा शुरू हुई और दोपहर 12:20 बजे तक चली, और कलीसिया और दुनिया पर कार्डिनलों की ओर से 33 हस्तक्षेप हुए।
कार्डिनलों ने प्रेरितिक संविधान यूनिवर्सी डोमिनिकी ग्रेगिस को पैराग्राफ 32 तक पढ़ते हुए सुना।
बैठक के अंत में, परमधर्मपीठीय धार्मिक समारोहों के मास्टर महाधर्माध्यक्ष डिएगो रवेली ने कार्डिनलों को संबोधित करते हुए पोप फ्राँसिस के अंतिम संस्कार की रस्म के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह एक चरवाहे का अंतिम संस्कार होगा, न कि किसी संप्रभु का।
महाधर्माध्यक्ष रवेली ने कहा कि दिवंगत पोप के पार्थिव शरीर को कैटाफाल्के या ऊंचे मंच पर नहीं रखा जाएगा।
शनिवार को सुबह 10:00 बजे अंतिम संस्कार के समय, प्रोटोकॉल के अनुसार गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया जाएगा। अर्जेंटीना (संत पापा की मातृभूमि) और फिर इटली के राष्ट्रपतियों के बाद शाही परिवारों के सदस्य और फ्रेंच वर्णमाला क्रम में अन्य राष्ट्रपतियों का स्वागत किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडलों की पूरी सूची शुक्रवार दोपहर बाद जारी की जाएगी।
श्री ब्रूनी ने बताया कि पोप के पार्थिव शरीर को संत मरिया मेजर ले जाने वाले वाहन के साथ जुलूस पेरुजिनो गेट से वाटिकन की ओर रवाना होगा और यह संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण से होकर नहीं गुजरेगा।
उन्होंने कहा कि संत मरिया मेजर की ओर जुलूस में लगभग आधे घंटे का समय लगेगा, उन्होंने कहा कि पोप का ताबूत दिखाई देगा।
श्री ब्रूनी ने कहा कि संत मरिया मेजर महागिरजाघऱ में दिवंगत संत पापा की समाधि पर दफनाना एक निजी कार्य होगा।
रविवार दोपहर को, कार्डिनल लगभग 4:00 बजे संत मरिया मेजर महागिरजाघऱ जाएंगे, जहां वे पवित्र द्वार से गुजरेंगे, पोप फ्राँसिस की समाधि पर जाएंगे और फिर पौलीन चैपल में इकट्ठा होंगे जहां मारिया सालुस पॉपुली रोमानी का प्रतीक रखा गया है। फिर वे एक साथ संध्या प्रार्थना करेंगे।
अंत में, श्री ब्रूनी ने कहा कि शुक्रवार दोपहर तक लगभग 150,000 लोगों ने संत पेत्रुस महागिरजाघऱ में दिवंगत पोप को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
वाटिकन शुक्रवार को शाम 7:00 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर बंद हो जाएगी, हालांकि कतार में प्रवेश शाम 6:00 बजे समाप्त हो जाएगा।
रात 8:00 बजे, कार्डिनल कैमरलेंगो केविन फारेल ताबूत को सील करने की रस्म की अध्यक्षता करेंगे।