बर्लिन में शांति हेतु एकत्र होंगे 1000 युवा

जर्मनी के बर्लिन महानगर में 27 से 29 अगस्त तक यूथ फॉर पीस का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन सम्पन्न होगा जिसमें यूक्रेन सहित 13 यूरोपीय देशों के प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है।

जर्मनी के बर्लिन महानगर में 27 से 29 अगस्त तक यूथ फॉर पीस का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन सम्पन्न होगा जिसमें यूक्रेन सहित 13 यूरोपीय देशों के प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है।

शांति के भविष्य हेतु
"शांति के भविष्य के लिए एक वैश्विक मित्रता" शीर्षक से आयोजित युवा सम्मेलन में 13 यूरोपीय राष्ट्रों के 1000 हाई स्कूल और विश्वविद्यालय के युवा छात्र, 27 से 29 अगस्त तक बर्लिन में यूथ फॉर पीस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिये मिलेंगे।

रोम स्थित काथलिक लोकोपकारी संगठन सन्त इजिदियो के सौजन्य से उक्त सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह समुदाय प्रतिदिन विश्व के उपनगरों में मुश्किल में पड़े बच्चों, बेघर लोगों, एकल बुजुर्गों की मदद का अनुपम कार्य करता है। इसके अतिरिक्त, गर्मी के महीनों में सन्त इजिदियो समुदाय के कार्यकर्त्ता ग्रीस और साइप्रस के शिविरों में शरणार्थियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इनके संग ही अपना अवकाश काल व्यतीत करते हैं।

इजिदियो समुदाय
सन्त इजिदियो समुदाय की एक विज्ञप्ति में इस सम्मेलन को गाज़ा और यूक्रेन जैसे भयानक युद्धों से चिह्नित समय में, शांति के लिए एक महान यूरोपीय घटना निरूपित किया गया।

इस समय सन्त इजिदियो समुदाय विशेष रूप से यूक्रेन में भोजन वितरण, स्वास्थ्य सामग्री के शिपमेंट के साथ आबादी का समर्थन करना जारी रख रहा है। समुदाय ने बच्चों और किशोरों के लिए कई शैक्षिक केंद्र खोले हैं तथा  शरणार्थियों के समर्थन के लिए कई मानवीय पहलों की शुरुआत की है।

बर्लिन में आयोजित शांति सम्मेलन में  कीव, ल्वीव, इवानो-फ्रैंकिव्स्क और खार्किव से लगभग सौ किशोर और किशोरियाँ जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, अन्य यूरोपीय देशों के अपने साथियों के साथ, वे अपनी पीढ़ी की आशाओं को आवाज देंगे और विभिन्न विषयों, जैसे पारिस्थितिकी, आप्रवास, और निर्धनता पर चर्चा करेंगे ताकि उस शहर में शांति और एकजुटता की संस्कृति का प्रसार किया जा सके जहां 35 साल पहले एक दीवार को ध्वस्त कर दिया गया था: एक यह लोकतंत्र की ताकत, संवाद और बदलाव के शांतिपूर्ण तरीकों की खोज का उदाहरण है, साथ ही भविष्य के लिए आशा का एक बड़ा संकेत भी है।

बुधवार 28 अगस्त की सुबह युवा लोग सन्त इजिदियो समुदाय के अध्यक्ष मार्को इम्पालियात्सो के साथ एक सभा में भाग लेंगे, जिसका शीर्षक होगा "मैत्री में जीत है", और दोपहर में, सभी प्रकार की हिंसा और नस्लवाद से निपटने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करने युवा लोग ब्रैंडेनबर्ग गेट के पास एकत्र होंगे तथा राष्ट्रीय समाजवाद के शिकार बने खानाबदोशों और रोमा पीड़ितों के स्मारक पर श्रद्धा अर्पित करेंगे।