ट्रम्प, इस्राएल से कार्डिनल परोलिन : जितना जल्दी हो युद्ध रोकें

एक किताब के विमोचन के अवसर पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए, कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन ने बताया कि अगर वे अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप से आमने-सामने होते तो कहते कि "इसे जल्द से जल्द खत्म करें क्योंकि असली खतरा यह है कि तनाव बढ़नेवाला है।"

रोम के प्रतिनिधि कक्ष में किताब “लियो 14वें: आप क्या कहते हैं कि मैं कौन हूँ? मैं संत अगुस्टीन का बेटा हूँ” के विमोचन के अवसर पर—जिसे कांतागली ने प्रकाशित किया और वाटिकन के पत्रकार इग्नासियो इंग्राओ एवं अगुस्तीनी फादर जुसेपे पगानो ने लिखा है—वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति के बारे में पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।

उन्होंने बताया कि अगर वे अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आमने-सामने होते तो क्या कहते। कार्डिनल परोलिन उनसे कहते, "जितनी जल्दी हो सके इसे खत्म कर दो, क्योंकि असली खतरा यह है कि तनाव बढ़नेवाला है। मैं कहूँगा: लेबनान को अकेला छोड़ दो...।"

वाटिकन राज्य सचिव ने कहा कि यही संदेश “इस्राएलियों को भी दिया जाना चाहिए,” ताकि वे सच में “उन सभी समस्याओं का हल करने की कोशिश करें जो मौजूद हैं या जिनके बारे में उन्हें लगता है कि वे कूटनीतिक और बातचीत के शांतिपूर्ण रास्तों से हल किये जा सकते हैं।”

पोप लियो के बारे में बात करते हुए, कार्डिनल परोलिन ने उन सवालों के भी जवाब दिए कि अमरीका के पहले पोप के साथ काम करना कैसा है। उन्होंने समझाया, “यह बहुत आसान है।” “अच्छी बातचीत होती है, एक फायदेमंद आदान-प्रदान होता है। वे बहुत सुनते हैं, और एक अच्छा रिश्ता है।”