ज़ाना में पोप लियो: 'अपने बच्चों में अपने विश्वास को देना जारी रखें'
मोग्रोवेजो के संत तुरीबियुस तीर्थस्थल पर, स्थानीय विश्वासी समुदाय के साथ मुलाकात के दौरान, पोप लियो ने कहा कि एक चरवाहे की पहचान इस बात से भी होती है कि वह कितनी “भौतिक और अस्तित्वगत दूरियां” तय करने को तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वासियों के इस समुदाय के साथ हुई मुलाकात से उन्हें सुसमाचार को और गहराई से समझने में मदद मिली।
पोप लियो 14वें शनिवार को सांता क्रूज में पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान करने के बाद मोग्रोवेजो के संत तुरीबियुस तीर्थस्थल पर, स्थानीय विश्वासी समुदाय के साथ मुलाकात की। पोप ने उनका अभिवादन कर कहा, “प्रिय भाइयो और बहनों, मैं आपके साथ यहां आकर बहुत खुश हूँ। मैं इस पल के लिए कितना उत्सुक था! जैसे ही मैं यहां पहुंचा, उन वर्षों की बहुत सारी यादें मेरे पास लौट आईं जब प्रभु ने मुझे इस प्रिय धर्मप्रांत की देखभाल सौंपा था। जो चीज़ मुझे विशेष रूप से प्रिय है वह चिकलायो के धर्माध्यक्ष के रूप में अपना कार्य शुरू करने से पहले की रात है। मुझे याद है कि मैंने वह रात प्रार्थना में बिताई थी। मैंने संत तुरीबियुस के माध्यम से प्रभु से विनती की थी कि वे मुझे अपने हृदय के अनुरूप एक चरवाहा बनने का वरदान दें। उस समय मुझे नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है, या मुझे आपसे कितना कुछ मिलने वाला है। आपने जिस खुशी और आतिथ्य के साथ मेरा स्वागत किया जो कि आपकी एक खास पहचान है उसके लिए आपका धन्यवाद।
पोप ने धर्माध्यक्ष फारफान के स्वागत-वचनों के लिए और उन लोगों को जिन्होंने अपने अनुभव साझा किए, दिल से धन्यवाद दिया।
मोग्रोवेजो के संत तुरीबियुस: एक चरवाहे का प्रेम
पोप ने कहा, “आज हम 'जुबली वर्ष' का समापन कर रहे हैं, जो संत तुरीबियुस को संत घोषित किए जाने की तीसरी शताब्दी का प्रतीक है। हम यह समापन उसी तीर्थ-स्थल पर कर रहे हैं, जो उन्हीं को समर्पित है। ज़ाना उनके जीवन का सार प्रस्तुत करता है; क्योंकि यहीं पर, इस क्षेत्र के धर्माध्यक्ष के रूप में सौंपी गई अपनी प्रेरितिक यात्रा को पूरा करते हुए, उन्होंने अपने प्राण पिता ईश्वर को सौंप दिया। हैरानी की बात यह है कि वहाँ एक खाली मकबरा तो है, लेकिन उनके अवशेष वहाँ नहीं हैं। उनकी मृत्यु के एक साल बाद, उन्हें लीमा ले जाया गया था। “उनका जीवन हमें याद दिलाता है कि एक चरवाहे के प्रेम को इस बात से भी मापा जाता है कि वह येसु मसीह का संदेश पहुँचाने के लिए कितनी शारीरिक और अस्तित्वगत दूरियाँ तय करने को तैयार है।”
मोग्रोवेजो के समुदायों का विश्वास
संत पापा ने उन लोगों के बारे में बात की जो ज़ाना की अपनी यात्राओं के दौरान संत तुरीबियुस के साथ थे, और सुसमाचार को सबसे दूर-दराज़ इलाकों तक पहुँचाया।
ये वही समुदाय थे जिनसे वे चिकलायो के धर्माध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान परिचित हुए थे। इनमें इनकाहुआसी और कानारिस की यात्राएँ भी शामिल थीं—ऐसे इलाके जहाँ इस क्षेत्र के मूल निवासी रहते हैं, और जहाँ पुरोहित तथा धर्मबहनें प्रेमपूर्वक उनके साथ रहती हैं।
संत पापा ने अफ्रीकी मूल के उन समुदायों को भी संबोधित किया, जिनके पूर्वजों को पीढ़ियों पहले जबरन उनके घरों से अलग कर दिया गया था और गुलाम बना दिया गया था, जिसके चलते उन्हें "भारी पीड़ा और अपमान" सहना पड़ा।
“अफ़्रीकी मूल के प्रिय भाइयों और बहनों, आज मैं आपके प्रति अपना स्नेह और अपनापन व्यक्त करना चाहता हूँ। मुझे आपकी आस्था, आपकी परंपराओं और उस प्रेम को जानने का सौभाग्य मिला है, जिसके साथ आप अपने पूर्वजों की स्मृतियों को संजोकर रखते हैं। इस कलीसिया के जीवन में आपके योगदान के लिए आपका धन्यवाद।”
संत पापा लियो ने एक और संत, मार्टिन डी पोरेस का भी उल्लेख किया, जिन्हें स्वयं संत टुरिबियुस ने दृढ़ीकरण संस्कार दिया था। एक अफ़्रीकी पिता और स्पानिश माँ की संतान होने के नाते, संत मार्टिन डी पोरेस इन समुदायों को लगातार याद दिलाते हैं कि ईश्वर उनसे कितना प्रेम करते हैं, और उन्हें पवित्रता के मार्ग पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
