एशियाई डिजिटल मिशनरियों ने प्रभाव को ख्रीस्तीय गवाही में बदलने का आह्वान किया

सहयोग को मजबूत करने और डिजिटल प्रचार के लिए एक साझा दृष्टिकोण विकसित करने के लिए 100 से अधिक संचारकों और सामग्री निर्माताओं को एक साथ लाने वाली पहली एशियाई काथलिक डिजिटल मिशनरी सभा मनीला में संपन्न हुई।

पूरे एशिया से 100 से ज़्यादा काथलिक डिजिटल मिशनरी, संचारकों, सामग्री निर्माताओं और आस्था से जुड़े प्रभावकों ने चार दिन की एक सभा संपन्न की। इस सभा का मकसद ऑनलाइन प्रभाव को सच्चे ख्रीस्तीय गवाह के रूप में बदलना था।

पहली एशियाई काथलिक डिजिटल मिशनरी सम्मेलन 10-13 सितंबर को फिलीपींस के क्विज़ोन सिटी में रेडियो वेरितास एशिया कैंपस में आयोजित की गई थी।

"प्रभावक से गवाह तक: एशिया में डिजिटल मिशन के लिए सिनोडल मार्ग" थीम के तहत आयोजित इस सभा को प्रेरितों के इन शब्दों से प्रेरणा मिली: "हमने जो देखा और सुना है, उसके बारे में बात किए बिना हम नहीं रह सकते।" (प्रेरित चरित 4:20)

इस सभा ने प्रतिभागियों को सिर्फ़ ऑनलाइन कंटेंट बनाने से आगे बढ़कर, आपसी जुड़ाव और आस्था के मिशनरी पहलू से जुड़े गवाह बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसने पूरे महाद्वीप में डिजिटल तरीके से ख्रीस्तीय धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए तैयारी और एक साझा सोच को भी बढ़ावा दिया।

यह कार्यक्रम 'फुली प्रेजेंट नेटवर्क' के ज़रिए वाटिकन के 'संचार विभाग' की साझेदारी में ‘एशियाई धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों का संघ - सामाजिक संचार कार्यालय’ ( एफएबीसी-ओएससी) और 'रेडियो वेरितास एशिया' ने मिलकर आयोजित किया था।

पोप लियो 14वें ने वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन द्वारा हस्ताक्षरित एक संदेश भेजा, जिसमें प्रतिभागियों को "अपने डिजिटल सामग्री में येसु मसीह के सच्चे गवाह" के तौर पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

वाटिकन 'संचार विभाग' के थियोलॉजिकल-पास्टोरल विभाग की निदेशक नताशा गोवेकर इस कार्यक्रम में शामिल हुईं।

फिलीपींस के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष और लिपा के महाधर्माध्यक्ष गिल्बर्ट गारसेरा ने उद्घाटन मिस्सा समारोह में प्रवचन दिया।

महाधर्माध्यक्ष गारसेरा ने कहा, "हम येसु को एशिया में ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाकर नहीं, बल्कि एशिया के करीब आकर, वहां के लोगों की बात सुनकर, अपने लोगों के साथ चलकर, उनकी सेवा करके और प्यार से येसु के प्रेम को सुनाकर और महसूस कराकर लाते हैं।"

ख्रीस्त के सच्चे गवाह
एफएबीसी के सामाजिक संचार कार्यालय’ के अध्यक्ष धर्माध्यक्ष मार्सेलिनो अंतोनियो “जूनी” मारालिट जूनियर ने अपने मुख्य भाषण में कहा कि कलीसिया को यह समझना होगा कि लोग पहले से ही डिजिटल दुनिया में रह रहे हैं, जीवन का अर्थ तलाश रहे हैं और रिश्ते बना रहे हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से कहा, “डिजिटल रास्ते इंतज़ार कर रहे हैं।” कलीसिया पहले से ही डिजिटल दुनिया में मौजूद है, इसलिए सवाल यह है कि लोगों को ऑनलाइन किस तरह की कलीसिया देखने को मिलेगा।

धर्माध्यक्ष मारालिट ने पाँच ज़रूरी बदलावों के बारे में बताया: कंटेंट से मुलाक़ात तक, दर्शकों से समुदायों तक, वायरल होने से वफ़ादारी तक, प्रतियोगिता से सहयोग तक और प्रभाव से गवाही तक।

उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया एक स्टार्टर (शुरुआती चीज़) है; यूखारिस्त (प्रभु भोज) मंज़िल है।”

ऑनलाइन पुल बनाना
कालूकान के धर्माध्यक्ष, कार्डिनल पाब्लो वर्जिलियो डेविड ने रविवार को सभा के समापन  मिस्सा समारोह की अध्यक्षता की।

माफ़ी के बारे में सुसमाचार की सीख पर बात करते हुए, उन्होंने चेतावनी दी कि इंटरनेट लाखों लोगों को जोड़ तो सकता है, लेकिन साथ ही उन्हें अकेला भी छोड़ सकता है और एल्गोरिदम यूज़र्स को समूहों में इकट्ठा कर सकते हैं, लेकिन उन्हें विरोधी गुटों में भी बाँट सकते हैं।

उन्होंने कहा, "जब दूसरे गुस्सा फैलाएँ, तो हिम्मत से जवाब दें। जब दूसरे नफ़रत या तिरस्कार फैलाएँ, तो गरिमा के साथ जवाब दें। जब दूसरे दरवाज़े बंद कर लें, तो आप एक पुल बनें।"

hindi Survey Popup Image