सम्राट चार्ल्स ने इटली की राजकीय यात्रा की

सम्राट चार्ल्स तृतीय और सम्राज्ञी कैमिला ने इटली की अपनी राजकीय यात्रा शुरू की, जो इस वर्ष की उनकी पहली विदेश यात्रा है और कैंसर उपचार के दुष्प्रभावों के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी पहली यात्रा है।
सम्राट चार्ल्स 2025 में अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान इतालवी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले पहले ब्रिटिश सम्राट बनने वाले हैं।
सम्राट चार्ल्स तृतीय और सम्राज्ञी कैमिला चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर सोमवार शाम को रोम पहुंचे, जो शाही जोड़े की बीसवीं शादी की सालगिरह के साथ मेल खाती है। यह सम्राट चार्ल्स की इटली की 17वीं आधिकारिक यात्रा है और कैंसर के उपचार के दुष्प्रभावों के कारण थोड़े समय के लिए अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी पहली बड़ी यात्रा है।
रोम में सम्राट और सम्राज्ञी
अपनी यात्रा के पहले दिन, सम्राट चार्ल्स ने रोम के मध्य में स्थित भव्य विक्टर इम्मानुएल द्वितीय स्मारक का दौरा करने से पहले, राष्ट्रपति भवन में इतालवी राष्ट्रपति सरजो मतरेल्ला से मुलाकात की। यह स्मारक एकीकृत इटली के पहले राजा को समर्पित है। वहाँ रहते हुए, सम्राट चार्ल्स ने इटली के अज्ञात सैनिक के मकबरे पर पुष्पांजलि अर्पित की और इतालवी वायु सेना की एरोबेटिक टीम (“तिरंगा तीर”) "फ्रेचे ट्राइकोलोरी" और उनके रॉयल एयर फोर्स समकक्षों, "रेड एरो" द्वारा संयुक्त फ्लाईपास्ट से सम्मानित किया गया।
बाद में दोपहर में, सम्राट चार्ल्स तृतीय और सम्राज्ञी कैमिला ने कोलोसियम में पुरातत्व पार्क का दौरा किया।
बुधवार को, सम्राट चार्ल्स "स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला" पर यूके के विदेश सचिव की अध्यक्षता में एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने से पहले इतालवी प्रधान मंत्री से मिलेंगे।
इसके बाद वे इतालवी सीनेट की सीट पलाज़ो मादामा जाएंगे, जहाँ वे संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। शाम को,सम्राट चार्ल्स निजी बैठकों के साथ-साथ राष्ट्रपति मातरेल्ला द्वारा आयोजित राजकीय भोज में भी भाग लेंगे।
रवेना की यात्रा
गुरुवार और शुक्रवार को सम्राट चार्ल्स और सम्राज्ञी उत्तरी इतालवी शहर रवेना की यात्रा करेंगे, जहाँ वे दांते की कब्र पर जाएँगे। रवेना में अपने प्रवास के दौरान, वे सान विटाले महागिरजाघर और निकटवर्ती गाल्ला प्लासिदिया के मकबरे में 5वीं और 6वीं शताब्दी के मोज़ाइक का दौरा करेंगे और रवेना की ललित कला अकादमी की एक बैठक में भाग लेंगे।
सम्राट चार्ल्स तृतीय और सम्राज्ञी कैमिला द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश और कनाडाई सेनाओं सहित मित्र देशों की सेनाओं द्वारा रवेना प्रांत की मुक्ति की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक स्वागत समारोह में भी भाग लेंगे।
यह यात्रा सम्राट चार्ल्स तृतीय और सम्राज्ञी कैमिला को पारंपरिक व्यंजनों का जश्न मनाने वाले एक क्षेत्रीय उत्सव में भाग लेने का अवसर भी प्रदान करेगी, जिसमें सम्राट चार्ल्स स्थानीय किसानों से मिलेंगे, जिनमें हाल के वर्षों में रवेना में आई बाढ़ से प्रभावित किसान भी शामिल हैं।