भारत की कलीसिया नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के साथ

भारत के धर्माध्यक्षों ने नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना एवं उदार दान की अपील की है।

नेपाल-चीन बॉर्डर इलाके में आई भयानक बाढ़ और भूस्खलन की प्राकृतिक त्रासदी के बाद, भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने कहा है कि भारत की काथलिक कलीसिया प्रभावित सभी लोगों के साथ दुःख और सहानुभूति प्रकट करती है, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई और हजारों लापता हैं।

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने एक बयान में कहा, “हम संत पिता, पोप लियो 14वें  के साथ, शोक संतप्त परिवारों, घायलों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते एवं उनके लिए प्रार्थना करते हैं, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने घर और आजीविका खो दी है। जैसा कि संत पिता ने पीड़ितों को अपनी आध्यात्मिक सामीप्य का आश्वासन दिया है, वैसे ही हम भी, भारत की कलीसिया के रूप में, दुःख की इस घड़ी में अपने भाइयों और बहनों के करीब हैं।

प्रेस कार्यालय द्वारा 28 अगस्त को जारी बयान में भारत में काथलिक कलीसिया की ओर से, सीसीबीआई के अध्यक्ष कार्डिनल फिलिप नेरी फेराओ ने सभी याजकों, लोकधर्मियों, धर्मसंघियों, संस्थानों और सद्भावना रखनेवाले लोगों से प्रार्थना, करुणा और व्यावहारिक मदद के साथ जैसा बन पड़े इस संकट का जवाब देने का आह्वान किया है।

बयान में कहा गया है कि हम विशेष रूप से मृतकों की आत्मा के लिए, उनके परिवारों की सांत्वना के लिए, और बचाव एवं राहत कार्यों में लगे सभी आपातकालीन कर्मियों की सुरक्षा और शक्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।

ईश्वर, अपनी दया से, घायलों को उपचार प्रदान करें, शोक संतप्तों को सांत्वना दें, और इस आपदा का सामना करने वाले सभी लोगों को आशा प्रदान करें।

hindi Survey Popup Image