पोप फ्राँसिस लाइबेरिया के राष्ट्रपति से मिले

पोप फ्राँसिस ने शुक्रवार सुबह लाइबेरिया गणराज्य के राष्ट्रपति जोसेफी न्युमा बोकाई से मुलाकात की।

पोप फ्राँसिस ने 18 अक्टूबर 2024 को, वाटिकन के प्रेरितिक प्रासाद में, लाइबेरिया गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री जोसेफ न्युमा बोकाई सीनियर से मुलाकात की, जिन्होंने बाद में क्रमशः वाटिकन राज्य सचिव, कार्डिनल पिएत्रो परोलिन और वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष पॉल रिचर्ड गलाघेर से भी मुलाकातें कीं।

राज्य सचिवालय में हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता के दौरान, परमधर्मपीठ और लाइबेरिया के बीच अच्छे संबंधों पर चर्चा की गई, साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में काथलिक कलीसिया के साथ सहयोग तथा देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के कुछ पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

बातचीत में वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर भी विचारों के आदान-प्रदान हुए, जिसमें क्षेत्रीय स्थिति और आप्रवासी घटनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

उपहारों का आदान-प्रदान
मुलाकात के अंत में, पोप फ्राँसिस ने राष्ट्रपति बोकाई को कांस्य से बनी एक कलाकृति भेंट की, जिसमें जैतून की शाखा लिये एक कबूतर को दर्शाया गया था, जिस पर इतालवी भाषा में लिखा था, "सियाते मेसाजेरी दी पाचे" ("शांति के दूत बनें")।

पोप ने लाइबेरियाई राष्ट्रपति को इस वर्ष के लिए “शांति के संदेश” की एक प्रति और अपने दस्तावेज भेंट किये।