क्रोएशिया में शुरु हुई महाधर्माध्यक्ष गालाघार की यात्रा

वाटिकन में राज्यों के साथ संबंधों के लिए वाटिकन के विदेश सचिव ज़गरेब स्थित माँ मरियम को समर्पित आवर लेडी ऑफ द स्टोन गेट के महापर्व हेतु 30 मई से क्रोएशिया में हैं। क्रोएशियाई अधिकारियों से मुलाकात तथा क्रोएशियाई काथलिक विश्वविद्यालय में व्याख्यान देना उनके निर्धारित कार्यक्रमों में प्रमुख हैं।

निर्धारित कार्यक्रम
क्रोएशिया की संरक्षिका आवर लेडी ऑफ द स्टोन गेट के महापर्व के लिये ज़गरेब के महाधर्माध्यक्ष ड्राज़ेन कूतलेसा ने वाटिकन विदेश सचिव को निमंत्रण दिया था।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महाधर्माध्यक्ष गालाघार प्रधान मंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक तथा विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री गॉर्डन ग्रिलिक-रेडमैन से मुलाकात करेंगे। साथ ही वे क्रोएशियाई काथलिक विश्वविद्यालय की  लाइब्रेरी के भव्य उद्घाटन में भी शामिल होंगे और इस अवसर पर व्याख्यान देंगे। अंततः, वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष गालाघार ज़गरेब के महागिरजाघर में आवर लेडी ऑफ द स्टोन गेट के महापर्व के उपलक्ष्य में पवित्र ख्रीस्तयाग अर्पित कर प्रवचन करेंगे, इस समारोह में समस्त क्रोएशियाई धर्माध्यक्ष भाग लेंगे।

राज्यत्व दिवस पर
क्रोशियाई यात्रा की पूर्व सन्ध्या महाधर्माध्यक्ष गालाघार ने रोम स्थित सन्त जेरोम को समर्पित गिरजाघर में क्रोएशिया के राज्य दिवस के लिए एक सामूहिक प्रार्थना सभा की अध्यक्षता कर ख्रीस्तयाग अर्पित किया था। इस अवसर पर प्रवचन करते हुए उन्होंने कहा था कि परमधर्मपीठ और क्रोएशिया के बीच सम्बन्ध "पूरे इतिहास में कई संघर्षों के बावजूद कभी कम नहीं हुए हैं।"

महाधर्माध्यक्ष ने विश्वासियों को युद्धों और संघर्षों से पीड़ित सभी देशों के लिए प्रार्थना करने के लिए आमंत्रित किया और क्रोएशिया में "स्वतंत्रता और शांति के वरदान" के लिए ईश्वर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।