पोप लियो : शांति ख्रीस्त के साथ व्यक्तिगत मुलाकात से बढ़ती है
शालोम काथलिक समुदाय के साथ बृहस्पतिवार को हुई मुलाकात में पोप लियो 14वें ने ख्रीस्त को ख्रीस्तीय शांति का मूल स्रोत कहा, जो सामाजिक कार्यों से दुनिया में बढ़ती है।
पोप लियो 14वें ने गुरुवार को शालोम काथलिक समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की, जो अपनी 45वीं सालगिरह मना रहे थे।
अपने संदेश के आरम्भ में, पोप ने संस्थापक, मोइसेस लौरो दी अजेवेदो, एवं सह-संस्थापक, एमिर नोगीरा का अभिवादन किया, और ब्राजील में बनी करिश्माई समुदाय के लिए उनकी सेवा हेतु उन्हें धन्यवाद दिया।
शालोम नाम की ओर इशारा करते हुए, जिसका अर्थ हिब्रू में “शांति” होता है, पोप लियो ने कहा कि शांति का मतलब सिर्फ सामाजिक काम या राजनीतिक मेल-मिलाप नहीं बल्कि उससे बढ़कर है। यह ख्रीस्तीयों के लिए, अपने जड़ें पुनर्जीवित ख्रीस्त में पाना हैं।
पोप ने कहा, “जिस प्रकार उन्होंने पाप और मृत्यु पर जीत हासिल कर, चेलों को शांति का वरदान दिया, वैसे ही आपके लिए शांति सबसे पहले येसु की घोषणा के बाद मेल-मिलाप और गहरी तसल्ली का अनुभव है।”
समुदाय के शांति के अनुभव ने उन्हें अपनी खुशी दुनिया के साथ बांटने, मित्रता और भरोसे के द्वारा येसु को जानने हेतु प्रेरित किया।
पोप ने शालोम काथलिक समुदाय के फलों के लिए ईश्वर को धन्यवाद दिया, और उन्हें युवाओं के बीच जाकर “सहर्ष अपनी ख्रीस्तीय पहचान की गवाही देने” का प्रोत्साहन दिया।
उन्होंने कहा कि कलीसिया समुदाय के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए उनका शुक्रगुजार है, जो लोगों को विश्वास और प्रार्थना में बढ़ने में मदद करते हैं ताकि वे चिंतन और एकता के द्वारा शांति के माध्यम बन सकें।
उन्होंने आगे कहा, “हम आपके सुसमाचार प्रचार केंद्रों के लिए भी शुक्रगुजार हैं, जो कई देशों में पुरोहिताई और विवाहित जीवन की अधिक बुलाहट के लिए सुसमाचार का प्रचार करते हैं; ताकि समुदायों में पुरोहित, विवाहित दम्पति एवं समर्पित जीवन अपनाने वालों की उपस्थिति हो सके।”
इसके बाद पोप लियो ने शालोम समुदाय के विश्वास की भावना पर बात की, जो विनम्र रहने और बदलाव के लिए खुले रहने की कोशिश करते हैं, और प्रशासन को बेहतर बनाने के तरीके ढूंढते हैं।
उन्होंने सदस्यों को प्रोत्साहित किया कि वे अपनी नजरें मसीह पर टिकाए रखें ताकि वे उन्हें हर चीज का केंद्र बना सकें।
उन्होंने कहा, “अंत में हर चीज मसीह की ओर ले जानी चाहिए और उन लोगों की सेवा करनी चाहिए जिनके साथ हम हैं, उन्हें ईश्वर के करीब आने और अपने काम को खोजने में मदद करनी चाहिए, साथ ही उनकी आजादी और विवेक का सम्मान करना चाहिए।”
यह देखते हुए कि 1982 में समुदाय की स्थापना के बाद से समय बदल गया है, पोप ने कहा कि युवाओं की गहरी इच्छाएँ नहीं बदली हैं, क्योंकि वे ईश्वर के लिए गहरी अभिलाषा से सच्चा प्यार और असली सुंदरता चाहते हैं।
पोप लियो ने शालोम समुदाय से युवाओं और परिवारों को सुसमाचार सुनाने की अपनी कोशिशों को फिर से शुरू करने की अपील की और कहा कि युवा सदस्यों के भी अपने परिवार होंगे और वे विश्वास को आगे बढ़ाएंगे।
“इसलिए आपके सामने मिशन का एक बहुत बड़ा क्षेत्र है: बहुत से युवाओं को प्रभु येसु से मिलने के लिए साथ ले जाने की जरूरत है!”
