पोप : गाजा को 'एक और समाधान की आवश्यकता है' क्योंकि लोग शहर से भाग रहे हैं

मंगलवार शाम को वाटिकन लौटने के लिए कास्टेल गंडोल्फो से निकलते समय पत्रकारों से बात करते हुए, पोप लियो 14वें ने गाजा शहर से पलायन पर दुख व्यक्त किया और एक अलग समाधान खोजने के प्रयासों का आह्वान किया।

पोप लियो 14 वें  मंगलवार शाम लगभग 8:30 बजे कास्टेल गंडोल्फो स्थित विला बारबेरिनी से निकले, कई लोगों का अभिवादन किया और पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की।

गाजा शहर से बड़े पैमाने पर पलायन के बारे में पूछे जाने पर, पोप ने कहा कि उन्होंने स्थानीय समुदाय और पल्ली पुरोहित, फादर गाब्रियल रोमानेली से फ़ोन पर बात की है।

उन्होंने कहा, "कई लोगों के पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है, इसलिए यह चिंता का विषय है।" "मैंने वहाँ के लोगों और पल्ली पुरोहित से भी बात की है। फ़िलहाल वे वहीं रहना चाहते हैं; वे अभी भी डटे हुए हैं, लेकिन हमें वास्तव में कोई दूसरा समाधान ढूँढ़ना होगा।"

इससे पहले, पोप लियो ने गाजा स्थित पवित्र परिवार काथलिक पल्ली के फादर रोमानेली को फ़ोन किया था, ताकि वे पल्ली परिसर में शरण लिए हुए 450 लोगों का हालचाल जान सकें, क्योंकि इज़राइल शहर में अपना ज़मीनी अभियान तेज़ कर रहा है।

रूस के साथ नाटो युद्ध का वर्णन करने वाले क्रेमलिन के बयानों के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए, पोप ने कहा, "नाटो ने कोई युद्ध शुरू नहीं किया है। पोलिश लोग चिंतित हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया गया है; यह बहुत तनावपूर्ण स्थिति है।"

प्रस्थान करने से पहले, भीड़ ने "जन्मदिन मुबारक" और "नाम दिवस मुबारक" के नारे लगाए—नाम दिवस 17 सितंबर को मनाया जाता है, जो संत रॉबर्ट बेलारमिनो का पर्व है—और पोलिश श्रद्धालुओं के एक समूह ने संत पापा को एक गुलदस्ता दिया।