यूरोपीय संघ के प्रेरितिक राजदूत, महाधर्माध्यक्ष नोएल ट्रेनर का निधन

यूरोपीय संघ के प्रेरितिक राजदूत और आयरलैंड के डाउन और कॉनर के धर्माध्यक्ष सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष नोएल ट्रेनर का 73 वर्ष की आयु में ब्रुसेल्स में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

आयरलैंड के डाउन और कॉनर के महाधर्माध्यक्ष नोएल ट्रेनर का 11 अगस्त की सुबह, 73 वर्ष की आयु में ब्रुसेल्स में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे यूरोपीय संघ में प्रेरितिक राजदूत के रूप में सेवा कर रहे थे।

महाधर्माध्यक्ष नोएल ट्रेनर का जन्म आयरलैंड के काउंटी मोनाघन के सिल्वरस्ट्रीम में क्रिसमस के दिन 1950 को हुआ था। मेन्यूथ में स पैट्रिक कॉलेज में पढ़ाई करने के बाद, उन्हें 13 जून 1976 को क्लोगर धर्मप्रांत के लिए पुरोहिताभिषेक किया गया था।

पुरोहित बनने के बाद, उन्हें रोम में पोंटिफ़िकल आयरिश कॉलेज भेजा गया, जहाँ उन्होंने 1977 में पोंटिफ़िकल ग्रेगोरियन विश्वविद्यालय में पवित्र धर्मशास्त्र में लाइसेंस प्राप्त किया। 1989 में, उन्होंने यूरोपीय संघ के धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के आयोग (सीओएमईसीई) के साथ काम करना शुरू किया; और 1993 में, उन्हें सम्मेलन का महासचिव नामित किया गया।

संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने 22 फरवरी 2008 को आयरलैंड के डाउन और कॉनर के धर्माध्यक्ष के रूप में उन्हें नामित किया। उसी वर्ष 22 जून को कार्डिनल सीन ब्रैडी द्वारा उन्हें धर्माध्यक्षीय अभिषेक किया गया। 14 साल तक डाउन और कॉनर के धर्माध्यक्ष के रूप में सेवा करने के बाद, 26 नवंबर 2022 को, धर्माध्यक्ष ट्रेनोर को यूरोपीय संघ में प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया गया और महाधर्माध्यक्ष का व्यक्तिगत खिताब दिया गया। उन्होंने जनवरी 2023 में अपनी नई भूमिका संभाली। दिवंगत महाधर्माध्यक्ष नोएल ट्रेनोर के परिवार में उनके भाई जॉन और उनकी बहन मेरी हैं।