एम्माऊस के संस्थापक आब्बे पियर पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप

फ्राँस के स्वर्गीय आब्बे पियर द्वारा संस्थापित काथलिक एकात्मता अभियान ने एक स्वतंत्र जांच के निष्कर्ष जारी किए हैं, जिसमें इसके करिश्माई संस्थापक द्वारा किए गए कथित यौन दुर्व्यवहारों का खुलासा किया गया है।

आब्बे पियर
सन् 1949 ई. में आब्बे पियर ने फ्राँस में एम्माऊस समुदाय के नाम से काथलिक एकात्मता अभियान की स्थापना की थी जिसने अब एक अन्तरराष्ट्रीय संगठन का रूप ले लिया है।

आब्बे पियर फ्रांस में कलीसिया के सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित व्यक्तियों में से एक हैं, जिन्हें फ्रांसीसी प्रतिरोध के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यहूदियों की रक्षा तथा बेघर और निराश्रितों के लिए आजीवन वकालत करने के लिए जाना जाता है।

आरोप
बुधवार को एम्माऊस समुदाय द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया कि आब्बे पियर ने ऐसे कुछ कृत्य किये जिन्हें यौन उत्पीड़न के बराबर कहा जा सकता है। जांच पड़ताल के अनुसार, कई साक्ष्य एकत्र किए गए और 1970 से 2005 के बीच कम से कम सात पीड़ितों का पता चला, जिनमें से एक उस समय नाबालिग था। 2007 में आब्बे पियर का निधन हो गया था।

महिलाओं ने अनचाहे चुंबन और स्पर्श के साथ-साथ अनुचित यौन टिप्पणियों और प्रस्तावों की भी शिकायत की। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अवांछित संपर्क या यौन प्रस्तावों की रिपोर्ट करने वाली ज़्यादातर महिलाएँ एम्माउस में कर्मचारी या स्वयंसेवक थीं। गवाही के अनुसार, आब्बे पियर का अनुचित व्यवहार व्यापक रूप से जाना जाता था।

धर्माध्यक्षों की विज्ञप्ति
इसी बीच, फ्राँस के काथलिक धर्माध्यक्षों ने उक्त रिपोर्ट पर गहन दुख व्यक्त किया है। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर धर्माध्यक्षों ने यौन उत्पीड़न के शिकार बने सभी लोगों के प्रति गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया तथा कलीसिया द्वारा पूर्ण समर्थन का आश्वसन दिया है।

धर्माध्यक्षों ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एक काथलिक पुरोहित द्वारा इस तरह के कृत्य शर्मनाक हैं जिनकी निन्दा हर समय की जानी चाहिये। उन्होंने कलीसिया को “एक सुरक्षित स्थान” बनाने के अपने दृढ़ संकल्प को भी दोहराया।

प्रेस विज्ञप्ति में धर्माध्यक्षों ने कहा, "आब्बे पियर का हमारे राष्ट्र और सम्पूर्ण विश्व में उल्लेखनीय प्रभाव था। उन्होंने कमज़ोर लोगों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी के बारे में जागरूकता फैलाई और हमारे समाज के सबसे ग़रीब लोगों के प्रति नज़रिए को बदल दिया।" तथापि उन्होंने कहा "उनकी स्थिति हमें सत्य के आवश्यक कार्य से मुक्त नहीं कर सकती,  जिसे एम्माऊस समुदाय की जाँच पड़ताल ने स्पष्टता और साहस के साथ पूरा किया है।"