“नाम दिवस मुबारक हो” : संत जॉर्ज के पर्व पर पोप फ्राँसिस को शुभचिंतकों की शुभकामनाएँ

दुनिया भर से मित्र और समर्थक, पोप फ्राँसिस को उनके संरक्षक संत जॉर्ज के पर्व पर प्रार्थनाएँ और शुभकामनाएँ अर्पित कर रहे हैं।

आज काथलिक कलीसिया शहीद संत जॉर्ज का पर्व मनाती है। संत जोर्ज को शूरवीरों, सैनिकों, स्काउट्स और तीरंदाजों का संरक्षक माना जाता है; प्लेग, कुष्ठ रोग और जहरीले सांपों से बचने के लिए भी उनकी मध्यस्थता से प्रार्थना की जाती है। उनका जन्म वर्ष 280 के आसपास कप्पाडोसिया के एक ख्रीस्तीय परिवार में हुआ था। जब सम्राट ने 303 में ख्रीस्तीयों के खिलाफ उत्पीड़न का आदेश जारी किया, तो जॉर्ज ने अपनी सारी संपत्ति गरीबों को दे दी और, स्वयं दियोक्लेसियन के सामने, आदेश पत्र फाड़ दिया और ख्रीस्त में अपना विश्वास जताया। इसके लिए उन्हें भयानक यातनाएँ सहनी पड़ीं और अंततः उनका सिर धड़ से अलग कर दिया गया।

पोप फ्राँसिस का बपतिस्मा नाम जॉर्ज मारियो बेरगोलियो है जो संत जॉर्ज को अपना संरक्षक मानते हैं।

उन्होंने 23 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लैटफोर्म एक्स पर लिखा, “प्रभु से हमें जो प्यार मिलता है वह ऐसी शक्ति है जो हमारा जीवन बदल देती है और हमें प्रेम करने में सक्षम बनाती है। हम केवल इसलिए प्रेम कर पाते हैं क्योंकि उन्होंने हमसे प्रेम किया है, क्योंकि वे अपनी पवित्रता की आत्मा हमारे हृदयों में डालते हैं। उनका प्रेम हमें चंगा करता और बदल देता है।”

पोप फ्राँसिस के नाम दिवस, संत जॉर्ज के पर्व पर दुनिया भर से पोप फ्रांसिस के लिए समर्थन और कृतज्ञता के संदेश आ रहे हैं।

वर्तमान पोप के "नाम दिवस" पर वाटिकन में सार्वजनिक अवकाश है, पोप फ्राँसिस ने स्वयं रोमन कुरिया के सामान्य विनियमों के अनुच्छेद 50 में अप्रैल 2016 में वर्तमान अवकाश की स्थापना की थी।

दुनिया भर से शुभचिंतक पोप को अपनी शुभकामनाएँ भेज रहे हैं, साथ ही स्नेह और कृतज्ञता की भावनाएँ व्यक्त कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी पोप को अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दे रहे हैं।

उनके साथ इटली के राष्ट्रपति सेरजो मत्तरेला ने पोप फ्राँसिस को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, "मेरी और इटली के लोगों की ओर से सबसे उत्कट और विश्वनीय शुभकामनाएँ ग्रहण कीजिए, साथ ही हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए स्नेहपूर्ण कामनाएँ करते हैं।"