कैथोलिक समाज ने ख्रीस्त राजा त्यौहार मनाया
विश्व कैथोलिक कलीसिया के साथ साथ आज इन्दौर कैथोलिक समाज ने भी ख्रीस्त राजा का पर्व मनाया। इंदौर के सभी चर्चों में सुबह पवित्र मिस्सा के साथ ख्रीस्त राजा का पर्व मनाया मनाया गया।
पलासिया स्थित माता मरिया ग्रोटो पर शाम 4:00 बजे पवित्र रोजरी माला विनती के जाप के साथ शुरू हुई। जिसमें इंदौर धर्मप्रांत की विभिन्न पल्लियों से सैंकड़ों कैथोलिक विश्वासियों ने भाग लिया। पवित्र रोजरी माला विनती के बाद पवित्र यूखरिस्त की आराधना हुई। इंदौर धर्मप्रांत के बिशप, (डॉ) बिशप थॉमस मैथ्यू की अगुवाई तथा फादर राजू डोडियार एसवीडी एवं अन्य पुरोहितों की सहभागिता में पवित्र मिस्सा अर्पित की गई।
पवित्र मिस्सा के दौरान अपने प्रवचन में फादर राजू डोडियार एसवीडी ने कहा कि- "ख्रीस्त राजा का पर्व हमें यह याद दिलाता है कि हम अपनी बुलाहट और अपनी जिम्मेदारियों को किस प्रकार निभाते हैं। हम प्रभु येसु ख्रीस्त को अपना राजा मानते हैं। लेकिन हमारे मन में यह प्रश्न उठता है कि प्रभु येसु ख्रीस्त किस प्रकार के राजा हैं?
प्रभु येसु एक ऐसा राजा नहीं है, जो दूसरों पर अपना अधिकार जताता है, बल्कि वे ऐसे राजा हैं, जो अपनी भेड़ों की रक्षा करते हैं, उनकी देखभाल करते हैं और उनकी सेवा करते हैं।
इसका उल्लेख हमें आज के पहले पाठ में मिलता है। नबी इज़ेकिएल के ग्रंथ के अध्याय 34 में हम पढ़ते हैं कि एक अच्छा चरवाहा अपनी भेड़ों की देखभाल किस प्रकार करता है। जब भेड़ें खो जाती हैं, तो वह उन्हें खोजकर वापस लाता है। जब वे बीमार और लाचार हो जाती हैं, तो उनकी सेवा करता है, उनका उपचार करता है और उन्हें बचाता है।
इसी प्रकार, आज का सुसमाचार हमें बताता है कि प्रभु येसु राजा के रूप में हमारा लेखा-जोखा यानी हमारा न्याय किस आधार पर करेंगे। आज के सुसमाचार में हम पढ़ते हैं कि हमें दूसरों की सेवा करना कितना आवश्यक है। भूखों को भोजन देना, प्यासों को पानी पिलाना, बीमारों की देखभाल करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची सेवा है।
क्योंकि प्रभु येसु स्वयं कहते हैं, "तुमने जो कुछ इन छोटे-से-छोटे भाइयों में से किसी एक के लिए किया, वह तुमने मेरे ही लिए किया।"
इस प्रकार, ख्रीस्त राजा का पर्व हमें यह चुनौती देता है कि यदि हम प्रभु येसु को अपना राजा मानते हैं, तो हमें भी उनके समान दूसरों की सेवा करने वाला, उनकी देखभाल करने वाला और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील व्यक्ति बनना चाहिए।"
