यूक्रेन के लिये कारितास की प्रार्थना और एकात्मता

यूक्रेन में रूसी हमले की चौथी बरसी पर कीव में नेशनल डे ऑफ़ प्रेयर मनाया गया जिसका आयोजन विश्वव्यापी उदारता संगठन कारितास की स्थानीय शाखा ने किया।

प्रार्थना समारोह
मंगलवार 24 फरवरी को शांति के लिए प्रार्थना की गई और इतने सालों के युद्ध के बाद मानवीय ज़रूरतों का जायज़ा लिया गया। सम्पूर्ण विश्व में दिखाई गई ज़बरदस्त एकजुटता को देखते हुए इस प्रार्थना समारोह का आयोजन किया गया था। प्रार्थना समारोह कीव के ग्रीक काथलिक महागिरजाघर में दुख, आशा और एकजुटता के माहौल में सम्पन्न हुआ। प्रार्थना समारोह में यूक्रेन में परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष विसवाल्दास कुलबोकास तथा यूक्रेन में कारितास के अध्यक्ष फादर एलेक्ज़ानडर यास्लोव्सकी भी उपस्थित रहे।

यूक्रेनी लोगों का साहस
इनके अतिरिक्त, प्रार्थना सभा में व्यक्तिगत रूप से तथा ऑन लाईन के माध्यम से कारितास के अन्तरराष्ट्रीय प्रतिनिधि तथा यूरोप के कई देशों के राजनयिकों ने शामिल होकर यूक्रेन के प्रति अपनी एकात्मता का प्रदर्शन किया। अन्तरराष्ट्रीय कारितास संगठन के अध्यक्ष एलिस्टर डाटेन ने यूक्रेन के लोगों के साहस तथा कठिन समय में एक दूसरे की मदद करने की भावना की सराहना की और कहा, "आप सच्चे कारितास हैं, आप सचमुच गरीबों के लिए अच्छी खबर हैं, उन लोगों के लिए जो सबसे अधिक पीड़ित हैं।"

इसी बीच, कारितास यूरोप की महासचिव मरिया नायमन ने यूक्रेनी लोगों को और उनकी मदद करनेवालों को यूरोपियन नेटवर्क की करीबी का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "आज, हम उन सभी को याद करते हैं जिन्होंने अपनी जान, अपने घर और अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम उन सभी के लिए प्रार्थना करते हैं जो शरीर और आत्मा से घायल हैं। हम टूटे हुए परिवारों और उन सभी के लिए प्रार्थना करते हैं जो इन मुश्किल समय में शांति चाहते हैं। हम प्रार्थना में आपके साथ हैं।"