इटली: धर्मप्रचार में धर्मबहनों की प्रतिभा प्रार्थना की सुंदरता में हमें ईश्वर से जोड़ती है
धार्मिक संगीत के माध्यम से, एक युवा धर्मबहन मारिया अल्ज़बेटा स्ट्रैसिनोवा ने बताया कि कैसे संगीत की सुंदरता ईश्वर के साथ गहरी मुलाकात की ओर ले जा सकती है। उनकी कहानी दुनिया भर में समर्पित महिलाओं के शांत लेकिन शक्तिशाली प्रभाव को दर्शाती है जो दूसरों की सेवा करती हैं, प्रेरित करती हैं और उन्हें समृद्ध बनाती हैं, और अपने बुलाहट में गहरी व्यक्तिगत संतुष्टि पाती हैं।
स्लोवाकिया में जन्मीं सिस्टर मारिया अल्ज़बेटा स्ट्राचिनोवा, 'दिव्य गुरु के पवित्र शिष्यों के धर्मसमाज की सदस्य है। यह संस्था 'पौलिन परिवार' का हिस्सा है, जो मीडिया के माध्यम से येसु मसीह को 'मार्ग, सत्य और जीवन' के रूप में दुनिया के सामने लाने के लिए समर्पित है। उनका मिशन यूखरिस्तीय समारोहों और धार्मिक कार्यों के ज़रिए पूरा होता है। इसमें विशेष रूप से सुंदरता के माध्यम से मसीह को प्रकट करने पर ज़ोर दिया जाता है, जो हमें प्रार्थना करने और ईश्वर के और करीब आने में मदद करता है।
सिस्टर अल्ज़बेटा रोम में स्थित उनके 'बेतानिया कॉन्वेंट' में रहती हैं, जो प्रार्थना और स्वागत का एक स्थान है। उनका मुख्य कार्य संगीत के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठानों को जीवंत बनाना है। उनका मिशन उनके युवा समर्पण और समर्पित जीवन के प्रति लगातार गहरी होती प्रतिबद्धता, दोनों को दर्शाता है।
बुलाहट जो विशेष आध्यात्मिक वरदान और सेवा से गढ़ा गया है
बचपन से ही सिस्टर अल्ज़बेटा के जीवन में संगीत का अहम स्थान रहा है। धर्मसमाज में आने से पहले, वह एक प्रशिक्षित वायलिन वादक थी और एक फिलहारमोनिक ऑर्केस्ट्रा में वायलिन बजाती थीं। आज भी वह अपनी संगीत प्रतिभा से कलीसिया की सेवा कर रही हैं, और साथ ही यूखरिस्तीय समारोहों में साथ देने के लिए 'ऑर्गन' (वाद्य यंत्र) बजाना सीख रही हैं।
उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति केवल संगीत तक ही सीमित नहीं है। वे समुदाय की कार्यशाला में मोज़ेक (रंगीन टुकड़ों से कलाकृति) बनाने की कला भी सीख रही हैं और सेवा के छोटे-छोटे कार्यों के ज़रिए समुदाय के दैनिक जीवन में अपना योगदान देती हैं। उनकी यह सुंदर कला, जो उनके समुदाय की सेवा का एक माध्यम है, कई लोगों को आकर्षित करता है; क्योंकि यह प्रार्थना करने और ईश्वर की महिमा करने में सहायक होती है, जिसमें उनके हाथों की स्वाभाविक कुशलता और ईश्वर-प्रदत्त प्रतिभा झलकती है।
उनके लिए हर काम—चाहे वह कलात्मक हो या सामान्य—अपने बुलावे को जीने और दूसरों की सेवा करने का एक अवसर है। इसमें उनका पूरा जीवन शामिल है; चाहे संगीत हो, कला हो या रोज़मर्रा की ज़िम्मेदारियाँ, वे अपने हर काम में अपनी संस्था के मूल आदर्शों को जीने का प्रयास करती हैं।
संगीत: ईश्वर और मानवता के बीच एक संवाद
सिस्टर अल्ज़बेटा कहती हैं, "मेरे लिए, संगीत केवल एक कला नहीं है, बल्कि ईश्वर और मनुष्य के बीच एक मिलन है।" धार्मिक अनुष्ठान स्तुति-अर्पण के साथ-साथ एक ऐसा माध्यम भी बन जाता है, जिसके ज़रिए ईश्वर लोगों के दिलों को छू सकते हैं।
उनका मानना है कि संगीत में लोगों को मौन और आत्म-चिंतन की ओर ले जाने, तथा उन्हें एक गहरे प्रयोजन से जोड़ने की अद्भुत क्षमता होती है।
सिस्टर अल्ज़बेटा कहती हैं, "संगीत में एक अनोखी शक्ति है; यह मौन को आमंत्रित करता है, स्मृतियों को जगाता है, भावनाओं को उद्वेलित करता है और आत्मा को भीतर की ओर ले जाता है।" उन्होंने आगे कहा, "लोग अक्सर बताते हैं कि वे इससे गहराई से प्रभावित होते हैं, यह उनकी प्रार्थना में सहायक होता है, और इसके परिणामस्वरूप ईश्वर के प्रति उनकी चेतना फिर से जागृत हो उठती है।"
