Radio Veritas Asia Buick St., Fairview Park, Queszon City, Metro Manila. 1106 Philippines | + 632 9390011-15 | +6329390011-15
हज़ारों श्रद्धालुओं ने महू में चमत्कारी संत अन्तोनी का पर्व मनाय
"संत अन्तोनी चमत्कारी संत के नाम से भी जाने जाते हैं। सन 1231 (उनकी मृत्यु) से लेकर आज तक पूरे संसार के अनेकों बीमारों, दीन -दुखियों ने, लाचारों ने, मुसीबत में फँसे लोगों ने संत अन्तोनी से प्रार्थना की और चमत्कारिक रूप से उनकी समस्याओं का हल हुआ।" - बिशप (डॉ.) चाको टी।
मालवा क्षेत्र में संत अन्तोनी का गिरजाघर घोड़खाता महू में स्थित है, जहाँ विगत करीब 100 वर्षों से हर वर्ष 13 जून को उनका पर्व मनाया जाता है, जिसमें इंदौर, देवास, धार, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, भोपाल आदि जगह से श्रद्धालु प्रार्थना करने आते हैं।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 04 जून से नोवेना प्रार्थना प्रारम्भ की गई और 13 जून 2022 को घोड़खाता महू स्थित संत अन्तोनी चर्च में चमत्कारी संत अन्तोनी का त्यौहार मनाया गया। जिसमें हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिमय भाव से भाग लिया। शाम 4 बजे इंदौर धर्मप्रांत के बिशप चाको की अगुवाई में विकार जनरल फादर सी माइकल जॉन, महू पल्ली पुरोहित तथा अन्य करीब 20 पुरोहितों की सहभागिता में पवित्र मिस्सा अर्पित की गई।
पवित्र मिस्सा के पश्चात् संत अंतोनी की प्रतिमा के डोले को भक्तजनों ने अपने कन्धों पर रखकर चर्च की तीन बार परिक्रमा की। इसके बाद श्रद्धालु भक्ति भाव से संत अन्तोनी का आशीर्वाद प्राप्त काने के लिए डोले से नीचे से निकले। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की मन्नतें मांगी थी। इसीलिए बड़े विश्वास के साथ लोगों ने प्रतिमा को फूल मालाएं चढ़ाई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।
इस पर्व को मनाने के लिए धर्मप्रान्तीय कैथोलिक सभा इंदौर के श्री जोशुआ फिलिप्स तथा मारशल परेरा के नेतृत्व में करीब 150 लोगों ने रेड चर्च इंदौर से महू तक पदयात्रा की। पदयात्रियों का रेडचर्च, भंवरकुआं चौराहा, सेंट जोसेफ कॉवेन्ट बिजलपुर, राजेन्द्र नगर, राऊ, रसलपुरा पर स्वागत करते हुए विभिन्न संगठनों तथा श्रद्धालुओं ने स्वल्पाहार का प्रबंध किया। उसके बाद पदयात्री घोड़खाता संत अन्तोनी चर्च महू पहुँचें।
पूर्व अनुमति प्राप्त इस पद यात्रा को पुलिस प्रशासन तथा ट्रेफिक पुलिस का भरपूर सहयोग मिला जिसके लिए धर्मप्रांतीय कैथोलिक सभा उनका आभार मानती है। महू में जो पर्व मनाया गया उसके लिए महू वासियों ने सैन्य प्रशासन को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
Add new comment